Edited By Updated: 23 May, 2017 01:55 AM
अंबाला स्थित कंपनी की ई-मेल आई.डी. हैक कर हैकरों ने सैंट्रल साइंस इन्फॉर्मैंट ऑर्गेनाइजेशन...
चंडीगढ़(सुशील): अंबाला स्थित कंपनी की ई-मेल आई.डी. हैक कर हैकरों ने सैंट्रल साइंस इन्फॉर्मैंट ऑर्गेनाइजेशन (सी.एस.आई.ओ.) के 7 लाख 91 हजार रुपए निकाल लिए। अंबाला की कंपनी ने जब सी.एस. आई.ओ. को मशीनें सप्लाई नहीं कीं तो अधिकारियों ने तुरंत कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सामान की पेमैंट नहीं आई है इसलिए मशीनें सप्लाई नहीं की गई हैं।
प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सचदेव ने बताया कि उन्होंने कंपनी के अकाऊंट में 7 लाख 91 हजार रुपए जमा करवा दिए हैं। अनुराग सचदेवा ने मामले की शिकायत साइबर सैल को दी। साइबर सैल ने मामले की जांच कर इंडस्ट्रीयल एरिया थाने में धोखाधड़ी और आई.टी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। साइबर सैल इंचार्ज हरिंद्र सिंह सेखों ने बताया कि सी.एस.आई.ओ. के प्रशासनिक अधिकारी अनुराग सचदेव ने शिकायत में बताया कि 13 जनवरी, 2016 को मशीनें खरीदने के लिए अंबाला स्थित सिम्पन इंस्ट्रूमैंट्स कंपनी से संपर्क किया था।
उन्होंने कंपनी से मशीनें मंगाने का आर्डर किया था। सी.एस.आई.ओ. ने मशीनों की खरीद के लिए 3.66 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद उसी खाते में अन्य उपकरणों की खरीद के लिए सी.एस.आई.ओ. ने फिर 4.25 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। 4 महीनों के बाद सी.एस.आई.ओ. ने सामान की डिलीवरी न होने पर कंपनी से संपर्क किया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें पेमैंट नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पेमैंट अंबाला स्थित पी.एन.बी. बैंक से की गई है। हैकर ने 7 लाख 91 हजार रुपए हैदराबाद स्थित केनरा बैंक से निकाले हैं। साइबर सैल ने जब आई.पी. एड्रैस पता किया तो पता चला कि मेल नाइजीरिया से हैक की गई थी। साइबर सैल जल्द ही हैदराबाद स्थित केनरा बैंक में जाकर बैंक कर्मचारियों से पूछताछ करेगा।