Edited By Updated: 08 Feb, 2017 01:59 PM
11 फरवरी को लगाई जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिक से अधिक सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर न्यायिक
फतेहगढ़ साहिब (रामचेत): 11 फरवरी को लगाई जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिक से अधिक सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर न्यायिक अधिकारियों और एग्जीक्यूटिव अधिकारियों के बैंच बनाए जाएंगे जिसमें आम लोगों के मामलों का लोक अदालत की प्रक्रिया के द्वारा निपटारा किया जाएगा। यह जानकारी जिला एवं सैशन जज संजीव बेरी ने आज समझौता सदन में राष्ट्रीय लोक अदालत संबंधित न्याय अधिकारियों और वकीलों के साथ मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए दी। बेरी ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में लगाने के लिए अब तक 1100 मामलों की पहचान की गई है जिसमें 8 करोड़ 18 लाख 95 हजार 909 रुपए के अवार्ड के पास किए जाने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की तरफ से राष्ट्रीय कानूनी सेवाएं अथारिटी और पंजाब कानूनी सेवाएं अथारिटी के दिशा-निर्देशानुसार 11 फरवरी को जिले की अदालतों और सब-डिवीजन स्तर की अदालतों में बड़े स्तर पर लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा जिसमें सभी प्रकार के मामलों जैसे कि राजीनामा योग्य फौजदारी केस, चैक बाऊंस केस, मोटर एक्सीडैंट केस समेत दुर्घटना जानकारी रिपोर्ट, वैवाहिक और पारिवारिक झगड़ों के केस, काम मामले के केस, जमीन अधिग्रहण के केस, सभी प्रकार के झगड़ों के केस, दीवानी केस जैसे कि किराया संबंधी, रैवेन्यू केस, बिजली और पानी (समेत चोरी) के केस का दोनों पक्षों की आपसी सहमति के साथ निपटारा किया जाएगा। बेरी ने जिले के आम नागरिकों से अपील की कि इस लोक अदालत में वे अपने केस लगा कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं क्योंकि इन लोक अदालतों का फैसला अंतिम होता है और समझौता होने की सूरत में कोर्ट फीस भी वापस हो जाती है।