Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Nov, 2017 11:59 AM
रामा मंडी क्षेत्र निवासियों ने सैंट्रल हलके के कांग्रेसी विधायक राजेन्द्र बेरी से कहा कि उन्होंने रामा मंडी पर एल.ई.डी. लाइटें तो लगवा दी हैं लेकिन यहां सालों से भारी मात्रा में फैंके जा रहे कूड़े से वह उन्हें कब निजात दिलाएंगे? रविवार की दोपहर को...
जालंधर(महेश): रामा मंडी क्षेत्र निवासियों ने सैंट्रल हलके के कांग्रेसी विधायक राजेन्द्र बेरी से कहा कि उन्होंने रामा मंडी पर एल.ई.डी. लाइटें तो लगवा दी हैं लेकिन यहां सालों से भारी मात्रा में फैंके जा रहे कूड़े से वह उन्हें कब निजात दिलाएंगे? रविवार की दोपहर को 2 बजे भी रामा मंडी पुल पर भारी मात्रा में पड़ा हुआ कूड़ा यहां से निकलने वाले लोगों के लिए जहां बड़ी परेशानी पैदा कर रहा था, वहीं इस कूड़े के कारण जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
लोगों का कहना था कि यह समस्या बहुत लम्बे समय से चली आ रही है। पहले यह कूड़ा पंजाब नैशनल बैंक रामा मंडी की पुरानी शाखा के बाहर फैंका जाता था। लोगों ने लगातार विरोध किया तो कूड़ा पुल पर फैंकना शुरू कर दिया गया। पहले विधायक राजेन्द्र बेरी के समर्थक कूड़े को लेकर गठबंधन सरकार के समय हलके के विधायक मनोरंजन कालिया के खिलाफ जमकर रोष प्रदर्शन करते थे। यहां तक कांग्रेसियों ने कालिया, मेयर के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन भी कई बार किया । अब कांग्रेस की सरकार बने को 8 माह बीत चुके हैं लेकिन कूड़े की समस्या ज्यों की त्योंं खड़ी है। इसका मौजूदा कांग्रेसी विधायक राजेन्द्र बेरी ने भी कोई हल नहीं करवाया। अब कालिया के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कांग्रेसियों ने इस कूड़े को लेकर पूरी तरह से चुप्पी साधी हुई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद वे कूंभकर्णी नींद सो गए हों।