Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Sep, 2017 11:27 PM
पंजाब पुलिस ने अपने ही ए.एस.आई. (सहायक थानेदार) मोहन सिंह जोकि थाना कोटभाई में...
श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा,दर्दी): पंजाब पुलिस ने अपने ही ए.एस.आई. (सहायक थानेदार) मोहन सिंह जोकि थाना कोटभाई में लगा था, को 50 ग्राम हैरोइन सहित काबू किया है। सहायक थानेदार के साथ उसका एक अन्य साथी गुरजीत सिंह निवासी गांव थेहड़ी को भी काबू किया गया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने 2 अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट व भारतीय दंड विधान की धारा 186, 353 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।
इस संबंधी एस.एस.पी.सुशील कुमार ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ शुरू की मुहिम के तहत ए.डी.जी.पी., एच.टी.एफ. हरप्रीत सिंह सिद्धू द्वारा तैयार स्पैशल टास्क फोर्स ने एक सूचना के आधार पर मलोट रोड व चक दूहेवाला के नजदीक नाकाबंदी की हुई थी। यह नाकाबंदी स्पैशल टास्क फोर्स के मुक्तसर व बठिंडा जिला के इंचार्ज डी.एस.पी. हरिंदर सिंह मान की अध्यक्षता में की गई थी। इस दौरान एक स्विफ्ट कार (डी.एल. 05सीडी 6466) को रोका जिसमें 2 व्यक्ति सवार थे। शक के आधार पर इन लोगों की तलाशी लिए जाने पर इनके पास से 50 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। बाद में इन दोनों व्यक्तियों में से एक की पहचान सहायक थानेदार थाना कोटभाई मोहन सिंह के तौर पर हुई, जबकि उसका साथी गांव थेहड़ी का रहने वाला गुरजीत सिंह है।
एस.एस.पी. ने कहा कि सहायक थानेदार मोहन सिंह ने पुलिस कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान उनके 2 अन्य साथियों गुरमीत सिंह गांव थेहड़ी व परमजीत सिंह वासी फिरोजपुर की भी पहचान हुई है जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।