Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 Nov, 2026 10:02 PM

दिवाली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच जालंधर की फगवाड़ा गेट मार्केट में विवाद का मामला सामने आया है। यहां दुकानों के बाहर सामान सजाने और सड़क पर वाहनों की पार्किंग को लेकर पहले से ही आवाजाही प्रभावित हो रही है।
जालंधर: दिवाली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच जालंधर की फगवाड़ा गेट मार्केट में विवाद का मामला सामने आया है। यहां दुकानों के बाहर सामान सजाने और सड़क पर वाहनों की पार्किंग को लेकर पहले से ही आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसी बीच बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें कुछ दुकानदार एक राहगीर के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में बाजार की सड़क पर कुछ लोग आपस में हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति भी दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और थाना डिवीजन नंबर-3 के एसएचओ इंस्पेक्टर जगदीश लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसएचओ जगदीश लाल ने बताया कि पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच के लिए डाउनलोड कर लिया है। वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। पीड़ित के बयान दर्ज करने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक फगवाड़ा गेट मार्केट में कई लोग अपने दोपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। पुलिस पहले भी दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान न लगाने और सड़क पर वाहन खड़े न करने की हिदायत दे चुकी है।