Edited By Suraj Thakur,Updated: 15 Jan, 2019 03:20 PM
फिरोजपुर छावनी से पार्षद सुनील गोयल के खिलाफ आठ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।
चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ पर आरोप लगाया है कि वह राजनीतिक दबाव डालकर वह अकाली नेताओं पर झूठे मुकद्दमें दर्ज करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाखड़ ने फाजिल्का और फिरोजपुर में कई परिवारों के खिलाफ झूठी FIR दर्ज करवा कर अत्याचार किया है। उन्होंने जाखड़ पर लोगों की जमीने हड़पने का भी आरोप लगाया है। वह आज यहां प्रेस काँफ्रेंस में बोल रहे थे।
उनके साथ मौजूद एडवोकेट अमित सतिजा ने आरोप लगाया कि जाखड़ के कहने पर पुलिस उनके परिवार को टार्चर कर रही है क्योंकि उनके पिता सुरेश सतिजा अबोहर से एसएडी के प्रधान थे। सुखबीर बादल ने दावा किया कि उनकी एसएसपी अबोहर से बातचीत हुई है और एसएसपी ने उन्हें बताया कि अकाली नेताओं के खिलाफ राजनीतिक दबाव के चलते झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि फिरोजपुर छावनी से पार्षद सुनील गोयल के खिलाफ आठ झूठे मामले दर्ज किए गए हैं।