Edited By Kalash,Updated: 16 Aug, 2026 05:52 PM

नूरपुरबेदी-रूपनगर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव आजमपुर के पास पतंग उड़ाते समय एक 12 वर्षीय बच्चा करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
नूरपुरबेदी (भंडारी): आज नूरपुरबेदी-रूपनगर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव आजमपुर के पास पतंग उड़ाते समय एक 12 वर्षीय बच्चा करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे स्थानीय निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद पी.जी.आई. चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नूरपुरबेदी में रहने वाले एक प्रवासी मजदूर का पुत्र सत्तियम कुमार, जो छठी कक्षा का विद्यार्थी है, शहर से कुछ दूरी पर स्थित गांव आजमपुर में पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग की डोर अचानक सड़क के साथ गुजर रही बिजली की तारों में फंस गई। पतंग और डोर को बचाने की कोशिश करते समय उसे अचानक करंट लग गया।
आस-पास के दुकानदारों के अनुसार करंट लगने के बाद उक्त बच्चा बेहोश हो गया, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बच्चे का उपचार कर रहे डॉक्टर गुरिंदर सिंह ने बताया कि करंट लगने के कारण बच्चे की दोनों बाहों और पीठ के अलावा शरीर के कई अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें व झुलसने के निशान हैं।
उन्होंने बताया कि बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद माता-पिता के कहने पर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद बच्चे के अभिभावक उसे उपचार के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ ले गए। हालांकि करंट लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। वहीं बच्चे की माता ने बताया कि सत्तियम की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका पी.जी.आई. चंडीगढ़ के डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here