पठानकोट के लधपालवां टोल पर हंगामा, बूम बैरियर तोड़कर निकले कई टिपर

Edited By Vatika,Updated: 11 Sep, 2026 09:49 AM

illegal mining pathankot

जिले में रेत-बजरी की ढुलाई और माइनिंग को लेकर चल रहे विवाद के बीच लधपालवां टोल बैरियर पर माइनिंग विभाग

पठानकोट (हरजिंदर सिंह गोराया): जिले में रेत-बजरी की ढुलाई और माइनिंग को लेकर चल रहे विवाद के बीच लधपालवां टोल बैरियर पर माइनिंग विभाग की टीम द्वारा वाहनों के दस्तावेजों की जांच के दौरान हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कुछ टिपर चालकों और विभागीय टीम के बीच बहस होने की जानकारी सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माइनिंग विभाग की टीम रेत-बजरी से लदे टिपरों के बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कुछ वाहन चालकों के साथ कथित तौर पर बहस हो गई। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ टिपर चालक कथित तौर पर टोल का बूम बैरियर तोड़कर अपने वाहन लेकर वहां से निकल गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ टिपर वहां से निकलने में कामयाब हो गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

इस दौरान ट्रांसपोर्टरों संजय, नीरज और अनुज ने माइनिंग विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने विभाग पर कथित तौर पर पक्षपात और वसूली के आरोप लगाए। उनका दावा था कि बड़ी फर्मों से जुड़े वाहनों को कथित तौर पर बिना रोक-टोक गुजरने दिया जाता है, जबकि छोटे ट्रांसपोर्टरों के वाहनों की सख्ती से जांच की जाती है। भारतीय किसान यूनियन के यूथ पंजाब प्रधान इंदरपाल सिंह बैंस ने कहा कि यदि सरकारी नियमों के तहत माइनिंग पोर्टल बंद है तो बिना बिल के माल की ढुलाई कैसे हो रही है। उन्होंने मांग की कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो केवल वाहन चालकों के बजाय संबंधित क्रशर मालिकों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। वहीं, माइनिंग जेई अमित ने बताया कि विभागीय टीम द्वारा वाहनों के बिल और दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों के पास वैध दस्तावेज थे, उन्हें जांच के बाद जाने दिया गया। मौके पर पहुंचे डीएसपी देहात सुखजिंदर सिंह ने स्थिति को काबू किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी की ओर से कानून का उल्लंघन किया गया है तो जांच के बाद नियमों के अनुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!