Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 May, 2018 07:12 PM
बेंगलुरु में कुमार स्वामी के शपथ ग्रहण समारोह की इस तस्वीर ने पंजाब की आम आदमी पार्टी अंदर राजनीतिक भूचाल लाकर रख दिया है।
जालंधरः बेंगलुरु में कुमार स्वामी के शपथ ग्रहण समारोह की इस तस्वीर ने पंजाब की आम आदमी पार्टी अंदर राजनीतिक भूचाल लाकर रख दिया है। इस तस्वीर में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, पी.एम. नरेंद्र मोदी के विरोध में जुटे देश के सभी राजनीतिक दलों के साथ नजर आ रहे हैं। इसी मंच पर कांग्रेस की पूर्व प्रधान सोनियां गांधी भी मौजूद है। इस तस्वीर से उठी आग ने एक बार फिर आप में आग लगा दी है। पार्टी के दाखा से विधायक तथा 1984 दंगा पीड़ितों के पक्षधर एच.एस.फुलका ने केजरीवाल के कांग्रेस के साथ गठबंधन की चर्चा से नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि अगर आप कांग्रेस से गठबंधन करती है तो वे पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।
स्मरण रहे कि फुलका पिछले 34 सालों से कांग्रेस के खिलाफ सिख विरोधी दंगों की लड़ाई लड़ते आ रहे हैं। इस चर्चा से नाराज फुलका ने साफ लफ्जों में कहा कि उनके और पार्टी के रास्ते अलग-अलग हैं। आम आदमी पार्टी के पास पंजाब में चार लोकसभा मैंबर हैं और पार्टी पिछली लोकसभा सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी। इस दौरान पार्टी ने हरियाणा में भी अपनी सक्रियता बढ़ाई हुई है। कांग्रेस को हरियाणा में बढ़ती सक्रियता के साथ नुक्सान होने का अंदेशा है लिहाजा अब चर्चा है कि आप हरियाणा में चुनाव न लड़ने के बदले कांग्रेस के साथ पंजाब और दिल्ली में गठबंधन कर सकती है। फुलका का कहना है कि अगर ऐसा हुआ तो वह पार्टी से इस्तीफा दे देंगे ।