Edited By Updated: 17 Jan, 2017 07:21 PM
हिमाचल प्रदेश व जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की ....
होशियारपुर(अमरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश व जम्मू कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी की वजह से मंगलवार को होशियारपुर व आसपास के इलाके में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा वहीं बर्फीली हवा चलने से ठंड ने लोगों को दिनभर जमकर ठिठुराया। तापमान में गिरावट होने से दिनभर शीतलहर का प्रभाव रहा। दिन और रात के तापमान में अंतर काफी कम हो गया।
सारे दिन आसमान में बादल छाए रहने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। सर्दी के बचाव के लिए लोगों को दिनभर गर्म कपड़ों से शरीर ढांपना पड़ा। इससे शाम को ठंड और बढ़ गई। इससे लोगों की परेशानी बढ़ी और सड़कों पर जल्द ही सन्नाटा पसर गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को होशियारपुर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सैल्सियस व न्यूनतम 3 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ वहीं हवा में नमी सुबह 97 प्रतिशत और शाम को 72 प्रतिशत थी।
मंगलवार को होशियारपुर में 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बर्फीली हवा चलने की वजह से लोगों को दिन में भी कंपकंपी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल सिंह का कहना है कि वैस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हवाएं चल रही है। पंजाब में 19 जनवरी के बाद मौसम खुलने की संभावना है।