Edited By Vaneet,Updated: 26 Oct, 2018 10:23 PM
आम आदमी पार्टी के बीच गुटबाजी लगातार अपना रंग दिखा रही है। नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा द्वारा एक बयान में सुखपाल सिंह खैहरा को ...
चंडीगढ़(रमनजीत): आम आदमी पार्टी के बीच गुटबाजी लगातार अपना रंग दिखा रही है। नेता विपक्ष हरपाल सिंह चीमा द्वारा एक बयान में सुखपाल सिंह खैहरा को आगामी लोकसभा चुनाव लडऩे का न्यौता देने पर सुखपाल खैहरा की भी कड़ी प्रतिक्रिया आई है।
खैहरा ने कहा कि चीमा का सुझाव देने के लिए वो धन्यवाद करते हैं लेकिन चीमा का यह बयान स्पष्ट कर रहा है कि वह दिल्ली हाईकमान के इशारों पर चलते हुए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं खैहरा ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पंजाब में आई.ए.एस. अधिकारी महफूज नहीं है तो आम औरतों की सुरक्षा कैसे हो सकती है। खैहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री का काम दोषियों को सजा दिलवाना होता है न कि समझौता करवा कर मामला ठंडे बस्ते में डालना।
खैहरा ने पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ द्वारा यह कहने कि उन्हें किसी मंत्री द्वारा एक महिला आई.ए.एस. को अश्लील मैसेज भेजने की घटना बारे पता ही नहीं है पर कहा कि जब बीजेपी के मंत्री पर इस तरह के इल्जाम लगते हैं तो कांग्रेस के नेता जोर-शोर से उनके इस्तीफे की मांग करते हैं और अब जब उनके अपने मंत्री पर इस तरह के इल्जाम लगे हैं तो उन्हें समझौता करवाकर दबाने का प्रयास किया जा रहा है।