Edited By Punjab Kesari,Updated: 30 Nov, 2017 07:50 AM
करीब एक सप्ताह पहले बस्ती दानिशमंदां में हुए हैप्पी हत्याकांड के बाद आज उसके परिजनों ने प्रैस कांफ्रैंस कर पुलिस के खिलाफ जमकर रोष जाहिर किया। हैप्पी की मां पुष्पा ने बताया कि वह जब भी थाना नं. 5 में जाकर हैप्पी के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग...
जालंधर(राजेश): करीब एक सप्ताह पहले बस्ती दानिशमंदां में हुए हैप्पी हत्याकांड के बाद आज उसके परिजनों ने प्रैस कांफ्रैंस कर पुलिस के खिलाफ जमकर रोष जाहिर किया। हैप्पी की मां पुष्पा ने बताया कि वह जब भी थाना नं. 5 में जाकर हैप्पी के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं तो उलटा पुलिसकर्मी उन्हें ही धमका कर थाने से वापस भेज देते हैं। पुष्पा ने बताया कि जिन लोगों ने हैप्पी का कत्ल किया है वह सरेआम इलाके में घूम रहे हैं जिनसे उन्हें व उनके परिवार को जान का खतरा है।उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें यह नहीं पता कि हैप्पी का कत्ल करने वाले युवकों के नाम क्या हैं, जो अभी तक पुलिस ने गुप्त रखे हैं तथा वे सार्वजनिक नहीं किए जा रहे। गुप्त नाम वाले युवकों में उनका कोई नजदीकी भी हो सकता है, जिससे उनकी जान को भी खतरा है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
एक दिन में कातिल न पकड़े तो भूख हड़ताल पर बैठ कर मर जाऊंगी : पुष्पा
मृतक हैप्पी की मां पुष्पा ने आरोप लगाया कि पुलिस राजनीतिक दबाव में उनके बेटे के कातिलों को गिरफ्तार नहीं कर रही। यहां तक कि कातिलों के नाम छिपाना भी उनकी जान के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि अगर एक दिन में कातिल न पकड़े गए तो चक्का जाम किया जाएगा और वह भूख हड़ताल पर बैठ कर मर जाएंगी।
मासूम बेटा आज भी खजूरों के इंतजार में
जिस दिन हैप्पी की हत्या हुई उस रात वह अपने बेटे के लिए घर से खजूर खरीदने जगजीवन राम चौक में लगी सब्जी मंडी में गया था। हैप्पी का मासूम बेटा घर में खजूरों का इंतजार कर रहा है पर उसे यह नहीं पता था कि घर से खजूर लेने गया पिता वापस नहीं आएगा। मासूम बेटे को आज भी उसके परिजन यही कह रहे हैं कि उसका पिता खजूर लेकर आ रहा है। बेटे को अभी भी पिता की मौत के बारे में कुछ भी नहीं पता।
हत्या आरोपी भेजे गए पुन: 3 दिन के रिमांड पर
हैप्पी के गिरफ्तार हत्यारोपी जसपाल सिंह उर्फ शेरा व रवि पुत्र किशोरी लाल का आज पुलिस रिमांड खत्म हो गया। रिमांड के दौरान आरोपियों ने कबूल किया था कि रूप के मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद हैप्पी के साथ विवाद हुआ था जिसकी रंजिश में रूप अपने अन्य साथियों के साथ जाकर हैप्पी के साथ सब्जी मंडी में विवाद करने लगा, जिसमें हैप्पी की जान चली गई। रिमांड खत्म होने के बाद देर सायं उक्त लोगों को अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उन्हें पुन: 3 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इस केस में पुलिस को अभी भी मुख्य आरोपी रूप, गेलू, हैप्पी नामक युवकों की तलाश है। हालांकि पुलिस ने उक्त लोगों के अलावा भी कई युवकों को नामजद करके उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापामारी शुरू की हुई है।