Edited By Sunita sarangal,Updated: 01 Oct, 2020 12:10 PM
कोरोना के चलते चण्डीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कालेज ऑनलाइन क्लासिस ले रहे हैं। एम.सी.एम.
चंडीगढ़(सुशील): खरड़ के एक निजी स्कूल में पंजाबी की ऑनलाइन परीक्षा दौरान अश्लील वीडियो का मामला सामने आने के बाद अब एम.सी.एम. डी.ए.वी. कालेज फॉर वूमैन की ऑनलाइन क्लास में गंदी हरकत सामने आई है। जानकारी के अनुसार ऑनलाइन क्लास दौरान अज्ञात व्यक्ति ने बेहद भद्दे और अश्लील कमेंट किए हैं। इसके बाद लड़कियों की ऑनलाइन क्लास तुरंत बंद करवा दी गई। कालेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सैल में लिखित शिकायत दी है। साइबर सैल कर्मचारी के आई.पी. एड्रेस को ट्रेस करने की कोशिश में लगे हुए हैं। इस मामले में साइबर सैल की टीम माहिरों की मदद भी ले रही है।
कोरोना के चलते चल रही हैं ऑनलाइन क्लासिस
कोरोना के चलते चण्डीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूल-कालेज ऑनलाइन क्लासिस ले रहे हैं। एम.सी.एम. डी.ए.वी. फॉर वूमैन सैक्टर-36 कालेज की ऑनलाइन क्लास में अज्ञात व्यक्ति ने एंट्री कर ली। उसने क्लास दौरान ही कई भद्दे और अश्लील कमेंट किए। मामले की शिकायत पर साइबर सैल की टीम तत्काल जांच में जुट गई। जांच टीम ने कई तथ्य भी निकाल लिए हैं।
फर्जी आई.डी. बना कर क्लास में एंट्री
साइबर सैल की जांच में सामने आया है कि ऐसी हरकत करने वाले आरोपी ने पहले किसी छात्रा से ऑनलाइन क्लास से संबंधित कालेज की आई.डी. और पासवर्ड चोरी किया। इसके बाद उसने फर्जी आई.डी. बना कर क्लास में एंट्री कर ली। क्लास चलने के दौरान उसने अश्लील कमेंट कर दिए। पुलिस आरोपी को पकड़ने में लगी है।
सिस्टम रीसैट करने के बाद फिर से शुरू की ऑनलाइन कलास
साइबर सैल के अधिकारियों के मुताबिक इस शनिवार किसी ने ऑनलाइन क्लास में एंट्री कर गलत हरकत की थी, जिसके बाद तुरंत क्लास रोक दी गई। रविवार को कालेज का सारा सिस्टम रीसैट करने के बाद सोमवार को दोबारा ऑनलाइन क्लास शुरू करवाई गई। कालेज लैवल पर भी जांच जारी है।