Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Feb, 2018 11:59 AM
होशियारपुर के छत्ता बाजार, शीतला मंदिर के समीप एक शादी समारोह वाले घर में खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब जागो व डी.जे. पार्टी में चली गोली छत पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रही 22 वर्षीय एम.बी.ए. की होनहार छात्रा साक्षी अरोड़ा को लगी जिससे उसकी मौके...
होशियारपुर(अमरेन्द्र): होशियारपुर के छत्ता बाजार, शीतला मंदिर के समीप एक शादी समारोह वाले घर में खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब जागो व डी.जे. पार्टी में चली गोली छत पर खड़े होकर कार्यक्रम देख रही 22 वर्षीय एम.बी.ए. की होनहार छात्रा साक्षी अरोड़ा को लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली लगने उपरांत साक्षी अरोड़ा को 2 युवक तत्काल एक्टिवा पर सवार हो एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात मैडीकल स्टाफ ने जब कहा कि लड़की की तो मौत हो चुकी है तो दोनों लड़के मौके से गायब हो गए। घटना का पता चलते ही डी.एस.पी. (सिटी) सुखविंदर सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर अशोक शोकी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दोस्त फरार बताया जा रहा है। सिटी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 302 व आम्र्स एक्ट अधीन केस दर्ज किया है।
क्या है मामला
मौके से मिली जानकारी अनुसार छत्ता बाजार शीतला मंदिर निवासी अशोक खोसला शोकी की बेटी आरती की 11 फरवरी को शादी थी। इस उपलक्ष्य में 10 फरवरी को जागो व डी.जे. पार्टी रखी गई थी। जागो जब मोहल्ले की अलग-अलग गलियों से घूम कर घर के समीप पहुंची तो इसी दौरान डी.जे. शुरू हो गया।
इस दौरान कुछ लोगों ने रिवाल्वर व दोनाली निकाली और फायर करने शुरू कर दिए। इसी बीच एक गोली अशोक शोकी के बिल्कुल साथ वाले घर में रहने वाले चरनजीत अरोड़ा की 22 वर्षीय बेटी साक्षी अरोड़ा, जोकि छत पर खड़े होकर सारा कार्यक्रम देख रही थी, के सिर में जा लगी। छत पर जिस जगह साक्षी को गोली लगी, वहां खून की धारा बह रही थी। साक्षी की मौत की खबर फैलते ही शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।