Edited By Vatika,Updated: 03 Jun, 2020 08:56 AM
पंजाब पुलिस ने लुधियाना में हाल ही में 2 किलो सोने की डकैती के दोषी सरगना को गिरफ्तार किया है।
चंडीगढ़/जालंधर(रमनजीत/धवन): पंजाब पुलिस ने लुधियाना में हाल ही में 2 किलो सोने की डकैती के दोषी सरगना को गिरफ्तार किया है। उसने राज्य की शांति और सांप्रदायिक सद्भावना को भंग करने के लिए खालिस्तान समर्थकी एजैंडे के हिस्से के तौर पर सुनियोजित कत्ल को अंजाम देने के लिए फंड एकत्रित करने की योजना तैयार की थी।
संगठित क्राइम कंट्रोल यूनिट (ओ.सी.सी.यू.) की विशेष टीम ने एस.ए.एस. नगर से अति वांछित गैंगस्टर-आतंकवादी को गिरफ्तार किया जिसकी पहचान तेजिन्दर सिंह उर्फ तेजा उर्फ जुझार सिंह, निवासी महदपुर, थाना बलाचौर (जिला एस.बी.एस. नगर) के तौर पर हुई है। डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने खुलासा किया कि तेजिन्दर के पास से पंजाब पुलिस की वर्दी, सीमा सुरक्षा बल (एस.एस.बी.) का आई.डी. कार्ड बरामद किया गया था, जो जनवरी 2020 में खरड़ (नजदीक एस.ए.एस. नगर) से फॉच्र्यूनर छीनने की घटना में मुख्य आरोपी भी था। गुप्ता ने कहा कि आरोपी ने कथित तौर पर आतंकवादी कार्रवाइयों समेत कई तरह के अपराधों के प्रतिबंधित क्षेत्रों तक पहुंच प्राप्त करने के लिए वर्दी और कार्ड आदि का प्रयोग करने की योजना बनाई थी। दोषी से राज्य की उच्च सुरक्षा को खतरा बन गया है।
चीनी पिस्तौल, कारतूस और गाड़ी बरामद
पुलिस ने तेजिन्दर के कब्जे से एक 30 बोर की चीनी पिस्तौल, 10 कारतूस और एक शैवरलेट आपटरा कार बरामद की है। गिरफ्तारी से बचने के लिए अन्य नकली आई.डी. कार्ड जैसे आधार कार्ड, नोएडा (यू.पी.) से ड्राइविंग लाइसैंस भी तैयार किए थे। डी.जी.पी. ने कहा कि भागते समय दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर छिपा रहा। तेजा पहले भी 25 से अधिक आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था।
कैश वैन लूटने की बना रहे थे योजना
पूछताछ में तेजा ने खुलासा किया कि वह और उसका साथी रछपाल सिंह उर्फ दोला निवासी गांव भुच्चर कलां (जिला तरन तारन) मौड़ और तलवंडी साबो में एस.बी.आई. की मुख्य शाखाओं से करंसी लेने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक बैंक कैश वैन लूटने की योजना बना रहे थे। उन्होंने इस संबंधी रास्ता चैक कर जांच भी कर ली थी। दिसम्बर, 2019 में जेल से रिहा होने के बाद वह और रछपाल सिंह, जो पहले सरहद पार से नशे और हथियारों की तस्करी में शामिल होने के कारण जेल में थे, ने सरहद पार से अत्याधुनिक हथियार प्राप्त किए। यह अब जिला तरन तारन में कत्ल के एक ताजा मामले में फरार था। डी.जी.पी. ने कहा कि तेजा और साथियों के खिलाफ स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल (एस.एस.ओ.सी.) एस.ए.एस. नगर में गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) कानून और संबंधित धाराओं के अंतर्गत आपराधिक केस दर्ज किया गया है।