Edited By Punjab Kesari,Updated: 01 Nov, 2017 07:50 AM
सोमवार सुबह जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से बेहोशी की हालत में मिली 5 महिलाओं को होश आ गया। सिविल अस्पताल में दाखिल शकुंतला देवी पत्नी अशोक कुमार, उर्मिला पत्नी प्रह्लाद, मीना देवी पत्नी सुरेश, ललिता देवी पत्नी हरि कृष्ण व लीला देवी...
जालंधर, (गुलशन): सोमवार सुबह जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से बेहोशी की हालत में मिली 5 महिलाओं को होश आ गया। सिविल अस्पताल में दाखिल शकुंतला देवी पत्नी अशोक कुमार, उर्मिला पत्नी प्रह्लाद, मीना देवी पत्नी सुरेश, ललिता देवी पत्नी हरि कृष्ण व लीला देवी पत्नी राजजीत सभी निवासी इंदौर को मंगलवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शकुंतला देवी इंदौर के अगर जिले में नगरपालिका की प्रधान है। घटना की सूचना मिलने पर शकुंतला देवी के पुत्र प्रकाश उर्फ पिंटू व दोहता दक्ष भी मंगलवार सुबह जालंधर पहुंच गए।
शकुंतला देवी के मुताबिक वे अमृतसर रोड पर स्थित एक धार्मिक स्थल पर आए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात एक देहरादून के रहने वाले व्यक्ति आदेश व उसकी पत्नी से हुई जिनके साथ 2 बच्चे भी थे। सोमवार को उन्होंने वापस इंदौर जाना था। सुबह जब वे वहां से चलने लगे तो उक्त युवक चाय व ब्रेड लेकर आया। शकुंतला देवी ने कहा कि चाय पीने व ब्रेड खाने के बाद उन्हें कुछ पता नहीं लगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान उनके सोने के गहने और हजारों रुपए गायब हो गए। जी.आर.पी. थाने के ए.एस.आई. गुरभेज सिंह ने बताया कि उक्त महिलाएं जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुई हैं।
उन्होंने बताया कि शकुंतला रानी की एक सोने की चूड़ी और 11,000 हजार रुपए, ललिता रानी की सोने की 2 चूडिय़ां, लीला देवी का एक मंगलसूत्र और टॉपस, उर्मिला की एक सोने की चेन और मीना के करीब 5000 रुपए गायब हैं। उन्होंने कहा कि घटना व्यास में हुई है। इसलिए रिपोर्ट बनाकर थाना व्यास भेजी जा रही है। वहां पर इस संबंध में केस दर्ज होगा।
जालंधर तक साथ आए पति-पत्नी पर जताया शक
सिटी रेलवे स्टेशन पर बेहोश हुई महिलाओं के साथ एक देहरादून के रहने वाले व्यक्ति आदेश व उसकी पत्नी पर शक जताया है, उनके साथ उनके दो बच्चे भी थे। उन्होंने ही 108 एम्बुलैंस को फोन पर सूचित किया। इस दौरान जी.आर.पी. के ए.एस.आई. गुरभेज सिंह भी मौके पर पहुंचे। जब बेहोश हुई महिलाओं को सिविल अस्पताल ले जाया गया तो उक्त पति-पत्नी भी उनके साथ सिविल अस्पताल तक गए। इस दौरान जब मीडिया कर्मियों ने उनसे बात करनी चाही तो वे बात करने से बचते रहे। उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि हम उनके साथ टैक्सी से जालंधर आए हैं। हम लोग तो सिर्फ इनकी मदद कर रहे हैं।
इन्होंने इंदौर जाना था, पर हमने देहरादून जाना है। जालंधर पहुंचने के बाद सभी महिलाएं बेहोश हो गईं। पुलिस के मुताबिक वे महिलाओं को सिविल अस्पताल मे दाखिल करवाने के बाद वहां से चले गए। होश में आई महिलाओं ने उसी दंपति पर जहरखुरानी कर लूटने का शक जताया है।