Edited By Subhash Kapoor,Updated: 29 Sep, 2026 07:22 PM

थाना सदर खरड़ पुलिस ने दविंदर कुमार की मौत के मामले में उसकी पत्नी निशा रानी और सास सलोचना देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मृतक के भाई सोहन लाल निवासी गांव शिंगारी वाला, जिला मोहाली के बयानों के आधार पर की गई है।
खरड़ (अमरदीप सिंह सैनी): थाना सदर खरड़ पुलिस ने दविंदर कुमार की मौत के मामले में उसकी पत्नी निशा रानी और सास सलोचना देवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मृतक के भाई सोहन लाल निवासी गांव शिंगारी वाला, जिला मोहाली के बयानों के आधार पर की गई है।
थाना सदर के SHO इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में सोहन लाल ने कहा कि उसके भाई दविंदर कुमार की शादी वर्ष 2020 में निशा रानी से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद चलता रहा।
बयान के अनुसार, 27 सितंबर को दविंदर ने परिवार के सदस्यों से फोन पर बात की थी और कथित तौर पर अपनी पत्नी और सास द्वारा पैसे और जमीन को लेकर दबाव बनाए जाने की बात कही थी। बयान में यह भी कहा गया है कि दविंदर ने एक वीडियो बनाई थी, जिसमें उसने अपनी पत्नी और सास का जिक्र किया था। पुलिस ने इस वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है।
बयान के मुताबिक, बाद में दविंदर को KFC गोपाल स्वीट, खरड़ के सामने खड़ी कार में बेहोशी की हालत में पाया गया। उसे पहले सिविल अस्पताल फेज-6, मोहाली ले जाया गया और बाद में PGI रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 28 सितंबर 2026 को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बयानों के आधार पर मृतक की पत्नी निशा रानी और सास सलोचना देवी, निवासी गांव रतनगढ़, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े तथ्यों, वीडियो और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।