Edited By Vatika,Updated: 22 Jan, 2021 04:11 PM
टिकरी बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन बुलंद हौसले के साथ जारी है।
नई दिल्ली(जेके पुष्कर): टिकरी बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन बुलंद हौसले के साथ जारी है। गुरुवार को 11 महिला किसानों ने 24 घंटे की भूख हड़ताल रखी। आंदोलन स्थल पर रात में बढ़ती चोरी की वारदात तथा असामाजिक तत्वों के जमघट लगने के कारण युवा किसानों ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रात्रि गशत शुरू कर दी है।
10 से 12 युवकों की टीम लाठी-डंडे लेकर जिप्सी से गशत पर निकल पड़ते हैं। कीर्ति किसान यूनियन के सदस्य साहिल ने बताया कि रात साढ़े दस बजे से तड़के 3 बजे तक युवक गशत करते रहते हैं। तड़के किसान जागने लगते हैं। तब रात्रि पैट्रोलिंग टीम गशत समाप्त करती है। किसानों की यह रात्रि गशत अभियान पिछले सप्ताह शुरू हुआ है।
किसानों का कहना है कि पिछले काफी दिनों से बार्डर पर कैंम्प व ट्रैक्टर ट्रॉली में रहने वाले किसानों के मोबाइल व अन्य कीमती चोरी हो रहे हैं। इसके अलावा संदिग्ध हालत में असामाजिक तत्व घूमते रहते है। नशे का धंधा करने वाले लोग सक्रिय होने लगे है। बॉर्डर पर माहौल खराब न हो और आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चले, इसके लिए किसानों ने यह रात्रि पैट्रोलिंग शुरू की है।