Edited By Vatika,Updated: 05 Nov, 2026 01:38 PM

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम पटियाला के कुल 60 में से 30 वार्डों के चुनाव रद्द कर दिए गए
पटियाला: सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद नगर निगम पटियाला के कुल 60 में से 30 वार्डों के चुनाव रद्द कर दिए गए थे। अब इन वार्डों के चुनाव 2 चरणों में करवाए जाएंगे। इस संबंध में स्थानीय निकाय विभाग की ओर से 5 नवंबर को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, 28 वार्डों में 22 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि 2 वार्डों में 29 नवंबर को मतदान करवाया जाएगा।
इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार हाईकोर्ट ने पूर्व जस्टिस राजीव शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया है। इसी कमेटी की निगरानी में नगर निगम के ये चुनाव करवाए जाएंगे। दिसंबर 2024 में हुए नगर निगम चुनावों के दौरान बड़े स्तर पर धांधली, फर्जी वोटिंग और विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को नामांकन पत्र तक दाखिल नहीं करने देने के आरोप लगे थे। कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र फाड़ दिए गए थे। इसके बाद यह मामला देश की सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त जज जस्टिस निर्मलजीत कौर की अध्यक्षता में फैक्ट फाइंडिंग कमीशन का गठन किया था। इस कमीशन की रिपोर्ट को सुप्रीम कोर्ट ने स्वीकार करते हुए चुनाव रद्द कर दिए थे। साथ ही पंजाब सरकार और राज्य चुनाव आयोग को दोबारा चुनाव करवाने के आदेश जारी किए थे। अब इन आदेशों के बाद पटियाला नगर निगम के 30 वार्डों में एक बार फिर चुनाव होने जा रहे हैं।