Edited By Vatika,Updated: 30 Jul, 2019 12:43 PM
अगर आप प्लास्टिक या थर्मोकोल के डिस्पोजल वाले गिलास में चाय पी रहे हैं तो सावधान हो जाएं क्योंकि एक छोटे गिलास के साथ आपके पेट में 2 मिलीग्राम प्लास्टिक भी जा रही है।
काठगढ़(राजेश): अगर आप प्लास्टिक या थर्मोकोल के डिस्पोजल वाले गिलास में चाय पी रहे हैं तो सावधान हो जाएं क्योंकि एक छोटे गिलास के साथ आपके पेट में 2 मिलीग्राम प्लास्टिक भी जा रही है। पेट में प्लास्टिक जाने से आपको कैंसर होने की संभावना हो सकती है।
यह बात हाल ही में पटना महावीर कैंसर संस्थान द्वारा किए गए रिसर्च में सामने आई है। अधिक गर्म पदार्थ के साथ प्लास्टिक घुलने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। डिस्पोजल में गर्म चाय पीने पर इसके कुछ तत्व चाय के साथ घुलकर पेट के अंदर चले जाते हैं। इससे शरीर के हार्मोन्स असंतुलित हो जाते हैं और फिर थकान, एकाग्रता में कमी के साथ ब्लड प्रैशर, शूगर, थॉयराइड जैसी बीमारियों का दौर शुरू हो जाता है। इन सबके बाद अंत में व्यक्ति कैंसर से पीड़ित हो जाता है और उसकी जान चली जाती है।
किडनी हो सकती है फेल
रिसर्च रिपोर्ट में बताया कि प्लास्टिक के गिलास में चाय या फिर गर्म दूध का सेवन करने से दिल की बीमारियां और किडनी फेल होती है। प्लास्टिक के कप में गर्म चाय का लगातार सेवन करने से किडनी और लीवर के कैंसर की आशंका भी बढ़ जाती है।
गर्भवती महिलाओं को भी खतरा
डिस्पोजल गिलास में मौजूद मैट्रोसेमिन, बिस्फीनॉल और कई तरह के कैमिकल्स पाए जाते हैं जो शरीर के लिए काफी नुक्सानदायक होते हैं। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को इनके नुक्सान का खतरा अधिक होता है। इसके अलावा प्लास्टिक के गिलास में चाय का सेवन करने वाले पुरुष नपुंसकता के शिकार भी हो सकते हैं।
पेट के लिए जहर
प्लास्टिक व थर्मोकोल के गिलास में वैक्स की परत लगाई जाती है। ऐसे में जितनी बार आप उसमें चाय पीते हैं, उतनी बार वैक्स आपके पेट के अंदर जाता है। इससे आंतों में दिक्कत आती है। इसके अलावा पाचन तंत्र धीरे-धीरे नष्ट हो जाता है।