Edited By Anjna,Updated: 13 Apr, 2018 07:35 AM
लाइन पार क्षेत्र दुर्गा नगरी निवासी एक व्यक्ति ने नगर थाना नंबर-1 की पुलिस को उसकी पत्नी की मर्जी के बिना उसका गर्भपात करवाने के सास व अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। आरोप के अनुसार उसकी पत्नी का गर्भपात करवाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो...
अबोहर (भारद्वाज): लाइन पार क्षेत्र दुर्गा नगरी निवासी एक व्यक्ति ने नगर थाना नंबर-1 की पुलिस को उसकी पत्नी की मर्जी के बिना उसका गर्भपात करवाने के सास व अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। आरोप के अनुसार उसकी पत्नी का गर्भपात करवाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार दुर्गा नगरी निवासी अनूप पुत्र जगदीश ने नगर थाना नंबर-1 की पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया कि आज से 1 वर्ष पहले उसकी शादी विशाली पुत्री अनिल कुमार के साथ हुई थी। उसकी पत्नी 6 माह की गर्भवती थी।
डेढ़ माह पहले उसकी सास सोनू पत्नी अनिल कुमार, शालू पुत्री भानिया, रिंकू पुत्र भानिया, कमलेश पत्नी भानिया व अरुण पुत्र भानिया उसके घर आए और उसकी पत्नी को चैकअप करवाने के लिए अबोहर के जयपुर सर्जिकल एवं महिला अस्पताल ले गए। वहां जाकर उन्होंने डॉक्टर से मिल कर उसकी पत्नी की मर्जी के बिना उसका गर्भपात करवा दिया। गर्भपात करवाने के बाद उसकी पत्नी की हालत खराब हो गई, जिस पर उन्होंने अबोहर के अन्य डॉक्टर के पास इलाज करवाने के पश्चात उसे बठिंडा के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती करवाया।
वहां कुछ दिन भर्ती रहने के बाद डॉक्टरों ने उसे जवाब दे दिया। इसके बाद वह उसे मलोट के सरकारी अस्पताल में लेकर आया तो डॉक्टरों ने उसकी खराब हालत देखते हुए उसे फरीदकोट रैफर कर दिया। फरीदकोट पहुंचते ही उसकी पत्नी की 10 अप्रैल, 2018 को मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने उक्त कथित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।