Edited By swetha,Updated: 14 Oct, 2018 02:23 PM
श्री गुरु ग्रंथ साहब जी की बेअदबी के रोष में कोटकपूरा के बत्तीयां वाले चौंक में धरना दे रही संगत पर पुलिस की तरफ से किए गए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग कांड को आज 3 साल हो चुके हैं। इस बेअदबी मामले के संबंध में सिख संगत की तरफ से सिख प्रचारक भाई...
कोटकपूर (नरेन्द्र, भावित) सिख जत्थेबंदी दरबार-ए-खालसा और पंथक जत्थेबंदियों द्वारा सिंह साहिब ज्ञानी बलवंत सिंह नंदगढ़ और सिख प्रचारक हरमिंद्र सिंह माझी की अगुवाई में शहर के बत्तियों वाले मुख्य चौक में बहबल कलां गोलीकांड के शहीद किशन भगवान सिंह व गुरजीत सिंह की तीसरी बरसी पर समागम का आयोजन करते हुए इसको लानत दिवस के रूप में मनाया गया।
इस दौरान सिख जत्थेबंदियों ने बरगाड़ी बेअदबी कांड के अतिरिक्त बहबल कलां व कोटकपूरा गोली कांड के लिए राज्य के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें न सिर्फ लानतें दीं बल्कि उनके नाम एक लानत पत्र भी भेजा गया। कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 4.45 बजे नितनेम के साथ हुई और अरदास के बाद श्रद्धांजलि समारोह शुरू किया गया।
सिख प्रचारक व दरबार-ए-खालसा के मुख्य सेवादार मनजिंदर सिंह माझी ने कहा कि घटना वाले दिन 14 अक्तूबर, 2015 को भी सुबह के समय सिख संगत की तरफ से कोटकपूरा के इसी चौक में नितनेम के पाठ किए जा रहे थे और उसी समय पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के इशारे पर पंजाब पुलिस ने संगत पर कहर बरपाना शुरू कर दिया। यहां से संगत को जबरन हटाने के बाद बहबल कलां में भी शांतिपूर्वक ढंग से वाहेगुरु का नाम जप रही संगत पर सीधी गोलियां दागी गईं जिसमें किशन भगवान सिंह व गुरजीत सिंह की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि घटना के 3 साल बीतने के बावजूद न तो बेअदबी मामले के आरोपियों को सजाएं दी गई हैं और न ही बहबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड के आरोपियों को पकड़ा गया है। मंच संचालन जससिंदर सिंह बराड़ ने किया। समागम में तख्त श्री दमदमा साहिब के पूर्व जत्थेदार बलवंत सिंह नंदगढ़, आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उप-प्रधान व विधायक अमन अरोड़ा, विधायक कुलतार सिंह संधवां, विधायक पिरमल सिंह धनौला, विधायक मा. बलदेव सिंह, पूर्व एस.जी.पी.सी. सदस्य मक्खन सिंह नंगल, सुखप्रीत सिंह, ज्ञानी केवल, हरजीत सिंह, सतनाम सिंह आदि ने एक मत से बेअदबी मामले, बहबल और कोटकपूरा गोलीकांड के दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग रखी।
इसके पश्चात सिख प्रचारक मनजिंद्र सिंह माझी ने अलग-अलग सिख और अन्य जत्थेबंदियों के नेताओं की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के नाम लानत पत्र पढ़कर सुनाया और उन पर सिख कौम के नाम पर राजनीति करते हुए सत्ता का स्वाद चखने और कौम का भारी नुक्सान करने के आरोप भी लगाए। पत्र पंजाब सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को भेजने के लिए तहसीलदार कोटकपूरा संधूरा सिंह को सौंपा गया।