Edited By Subhash Kapoor,Updated: 02 Jul, 2026 05:14 PM

नवांशहर की सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर सोनू खत्री के नैटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ किया हैं। पुलिस ने 2 विभिन्न मामलों में सोनू खत्री के इशारे पर हत्या की साजिश रच रहे 2 शूटरों और हेरोइन की तस्करी करने वाले 2 अन्य आरोपियों को...
नवांशहर, (त्रिपाठी): नवांशहर की सी.आई.ए. स्टाफ पुलिस ने विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर सोनू खत्री के नैटवर्क का बड़ा भंडाफोड़ किया हैं। पुलिस ने 2 विभिन्न मामलों में सोनू खत्री के इशारे पर हत्या की साजिश रच रहे 2 शूटरों और हेरोइन की तस्करी करने वाले 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 1 देसी पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस और 2 किलो 12 ग्राम हैरोइन की बड़ी खेप बरामद की गई है।
एक प्रैस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एस.एस.पी.) तुषार गुप्ता ने बताया कि पहले मामले में सी.आई.ए. इंचार्ज इंस्पैक्टर नीरज चौधरी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बघौरा नहर पर नाका लगाकर मोटरसाइकिल सवार 2 शूटरों मंदीप कुमार उर्फ मनी और रितिक लील उर्फ अभी को गिरफ्तार किया। इनके पास से 30 बोर की देसी पिस्तौल और 4 कारतूस मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इन्हें हत्या की जिम्मेदारी सोनू खत्री के गुर्गे प्रणव सहिगल और सर्वजीत ने सौंपी थी, जो हाल ही में विदेश गए हैं। मंदीप पर पहले ही 9 और रितिक पर 6 मामले दर्ज हैं।
दूसरे मामले में पुलिस ने सनावा नहर पुल से सनप्रीत सिंह उर्फ संधू और अरमान सूंढ उर्फ मानी को गिरफ्तार कर उनके पास से सोनू खत्री द्वारा भेजी गई 2 किलो 12 ग्राम हैरोइन बरामद की। पकड़े गए अरमान पर भी पहले से एक मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों मामलों में एन.डी.पी.एस. और आर्म्स एक्ट के तहत कुल छह आरोपियों पर मामला दर्ज किया है, जिनमें से 4 गिरफ्तार हैं और 2 विदेश में हैं।
एस.एस.पी. ने कहा कि विदेश में बैठे आरोपियों की संपत्तियां जब्त करने, उन्हें भगोड़ा घोषित करने और एल.ओ.सी. नोटिस जारी कर भारत प्रत्यर्पण कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यदि किसी रिश्तेदार की पैसों के लेनदेन या किसी अन्य तरह की भागीदारी सामने आती हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। अदालत ने पकड़े गए आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा हैं। इस मौके पर एस.पी. सर्वजीत सिंह और डी.एस.पी. जतिंदर सिंह भी मौजूद थे।