Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Sep, 2017 08:20 PM
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आम आदमी पार्टी नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने....
चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और आम आदमी पार्टी नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने गुरदासपुर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ की राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर खुली बहस की चुनौती आज स्वीकार करते हुए कहा कि इसके लिए दिन और समय जाखड़ तय करें।
खैहरा ने आज यहां बयान जारी करके कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस प्रत्याशी की चुनौती को सहर्ष स्वीकार करती है और जाखड़ बहस के लिए उनकी पार्टी के प्रत्याशी सुरेश खजूरिया तथा प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान में से किसी को भी चुन सकते हैं या फिर उन्हें (खैहरा को) भी चुना जा सकता है। खैहरा ने कहा कि उनकी पार्टी बिना पैसे, नशे या ताकत के स्वच्छ चुनावी राजनीति की पैरोकार है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी गुरदासपुर के मतदाताओं को रिझाने के लिए कोई बड़ी रैली नहीं करेगी और न ही पैसा पानी की तरह बहाएगी।
आप नेता ने कहा कि अच्छा होगा कि कांग्रेस प्रत्याशी भी इन्हीं मूल्यों का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए खर्च कर पहले से प्रदूषित चुनावी व्यवस्था को और प्रदूषित करने के बजाय विकसित देशों की तरह मीडिया के जरिए खुली बहसों से लोकतंत्र मजबूत ही होगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी खुली बहस में किसानों की आत्महत्याओं, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशा, राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा करना चाहेेगी। इसी तरह वह केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विफलताओं जैसे विकास दर में गिरावट, नोटबंदी, विदेशों से काला धन लाने में विफलता, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर को दस और वर्षों के लिए औद्योगिक कर में छूट देना लेकिन पंजाब से भेदभाव करना आदि जैसे मुद्दों पर भी बात करना चाहेंगे।