Edited By Anjna,Updated: 20 Jan, 2019 09:36 AM
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लोकप्रिय ‘शक्ति प्रोजैक्ट’ को लांच किया ताकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों के लिए तैयार किया जा सके। मुख्यमंत्री के साथ पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा...
जालन्धर (धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लोकप्रिय ‘शक्ति प्रोजैक्ट’ को लांच किया ताकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों के लिए तैयार किया जा सके। मुख्यमंत्री के साथ पंजाब कांग्रेस मामलों की प्रभारी आशा कुमारी तथा पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी मौजूद थे।
कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि वह जमीनी स्तर पर काम करते हुए मतदाताओं के साथ सीधा सम्पर्क साधे ताकि पंजाब में कांग्रेस सरकार द्वारा गरीबों, दलितों, किसानों अन्य वर्गों के लिए लांच किए गए विकास कार्यक्रमों को उन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह प्रोजैक्ट अपने आप में विशिष्ट है क्योंकि पार्टी हाईकमान ने चुनावी संभावनाओं को प्रबल बनाने के लिए इसे लांच किया है। इससे पार्टी के उच्च नेताओं व कार्यकत्र्ताओं के बीच आपसी अंतर को कम करने में मदद मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने शक्ति प्रोजैक्ट को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए शुरू किया था। इसके तहत कार्यकत्र्ताओं का पूरा रिकार्ड प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के पास रहेगा तथा बूथ स्तर तक कार्यकत्र्ताओं के बारे में पूरी जानकारी प्रदेश नेतृत्व के पास रहेगी। पार्टी को पता रहेगा कि बूथ, जिला व राज्य के किसी भी अन्य स्थान पर कौन-कौन से कार्यकत्र्ता काम कर रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सह-संयोजक अंकुश सिंह ने कहा कि शक्ति प्रोजैक्ट एक डिजीटल कार्यक्रम पेश करेगा जिसके तहत कार्यकर्ता डिजीटल तौर पर पार्टी के साथ जुड़ सकेंगे। देश भर में कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं के बारे में सभी को जानकारी होगी।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस शक्ति प्रोजैक्ट के अच्छे नतीजे अन्य राज्यों में भी देखने को मिले हैं। ए.आई.सी.सी. ने कैप्टन संदीप संधु को शक्ति प्रोजैक्ट के लिए राज्य का संयोजक नियुक्त किया है तथा जल्द ही विधानसभा व जिला स्तरीय कमेटियों का गठन भी कर दिया जाएगा। अगली बैठक इस संबंध में 25 जनवरी को कांग्रेस भवन चंडीगढ़ में बुलाई गई है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मनप्रीत बादल, तृप्त रजिन्द्र सिंह बाजवा, गुरप्रीत सिंह कांगड़, विजेइंद्र सिंगला व सुख सरकारिया भी मौजूद थे।