मालवा की सरकार, दोआबा नजरअंदाज

Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Apr, 2018 03:55 PM

captain government expansion

पंजाब में कांग्रेस की सरकार के गठन का एक साल पूरा होने के बाद आखिरकार सरकार ने पूर्ण रूप ले लिया है। आज राज्यपाल द्वारा नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सहित कैबिनेट में कुल 18 मंत्री हो जाएंगे। इनमें से 11...

जालन्धर(नरेश): पंजाब में कांग्रेस की सरकार के गठन का एक साल पूरा होने के बाद आखिरकार सरकार ने पूर्ण रूप ले लिया है। आज राज्यपाल द्वारा नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सहित कैबिनेट में कुल 18 मंत्री हो जाएंगे। इनमें से 11 मंत्री मालवा हलके से शामिल किए गए हैं, जबकि 6 मंत्री माझा इलाके से होंगे। मंत्रिमंडल में दोआबा को सिर्फ 1 सीट मिली है। होशियारपुर से विधायक शाम सुन्दर अरोड़ा दोआबा से सरकार का चेहरा होंगे। पंजाब की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें मालवा से आती हैं, जबकि माझा में 26 विधानसभा सीटें हैं और दोआबा में यह संख्या 22 है, लेकिन विधानसभा सीटों के लिहाज से दोआबा को प्रतिनिधित्व नहीं मिला है। 

जीत की हैट्रिक लगाने वाले सुख सरकारिया को मिली कुर्सी
2007, 2012 और 2017 के चुनाव में उन्होंने लगातार तीन जीत दर्ज  करने वाले राजासांसी के विधायक सुखबिन्द्र सिंह सरकारिया को आखिर लंबे इंतजार के बाद सत्ता में हिस्सेदारी मिल रही है। लेकिन उनका यह सफर इतना भी आसान नहीं रहा। वह 1997 और 2002 के चुनाव में हार का मुंह देख चुके हैं, लेकिन लगातार दो हार के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी। सुखसरकारिया 1997 में पहला चुनाव निर्मल सिंह काहलों के हाथों 5536 मतों से हार गए थे। 2002 में अगला विधानसभा चुनाव व बतौर आजाद उम्मीदवार लड़े, लेकिन यहां भी उन्हें 7452 मतों से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन यह उनकी आखिरी हार थी। 2007 के चुनाव में उन्होंने वीर सिंह लोपोके को 8276 मतों से हराया था, जबकि 2012 के चुनाव में एक बार फिर वीर सिंह लोपोके को करीबी मुकाबले में 1084 मतों से मात दी। 2017 का विधानसभा चुनाव वह 5727 मतों से जीते थे। जीत की हैट्रिक के बाद वरिष्ठताक्रम के लिहाज से उन्हें मंत्री पद मिलने की उम्मीद थी और आखिर उनकी यह उम्मीद पूरी हो रही है।

2 बार चुनाव हारे रंधावा, अब बनेंगे मंत्री
 डेरा बाबा नानक विधानसभा सीट से विधायक सुखजिन्द्र सिंह रंधावा 1997 और 2007 के चुनाव में दो बार हार का मुंह देख चुके हैं, लेकिन इसके बाद अगले दो चुनाव में वह लगातार चुने गए और आखिर अब लंबे इंतजार के बाद मंत्री पद नसीब हुआ है।  उन्होंने 2012 और 2017 के चुनाव में अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह को शिकस्त दी। 2012 के चुनाव में उन्होंने लंगाह को 2940 वोटों से शिकस्त दी, जबकि 2017 के चुनाव में भी वह 1194 मतों के अंतर से जीते। लेकिन इससे पहले वह 2007 के चुनाव में निर्मल सिंह काहलों के हाथों 5828 मतों के अंतर से हार गए थे। इससे पहले 2002 के चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी, और 1997 में वह 5536 मतों से हारे थे। उन्हें दोनोंं बार निर्मल सिंह काहलों ने ही मात दी थी। 

पार्षद चुनाव से शुरू हुआ आशु का सफर
कैप्टन की कैबिनेट में शामिल किए गए लुधियाना वैस्ट सीट से विधायक भारत भूषण आशु की अपने हलके में खासी पकड़ है। पिछले 2 चुनाव आशु 30,000 से ज्यादा मतों से जीते हैं। 2012 के चुनाव में उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार प्रो. रजिन्द्र भंडारी को 35,922 मतों के अंतर से हराया था जबकि 2017 के चुनाव में वह अहबाब सिंह ग्रेवाल को 36,521 मतों से हराकर विधानसभा में पहुंचे हैं। आशु को चुनाव में 66,627 मत हासिल हुए थे जबकि उनके सामने खड़े आम आदमी पार्टी के अहबाब सिंह ग्रेवाल को 30,106 मत हासिल हुए। आशु ने राजनीतिक करियर बतौर पार्षद शुरू किया था। वह लुधियाना में लगातार 3 बार पार्षद रहे और 2012 में उन्हें विधानसभा चुनाव लडऩे का मौका दिया गया। आशु की पत्नी ममता शर्मा भी लगातार 3 बार पार्षद का चुनाव जीत चुकी हैं। 

बलबीर सिंह सिद्धू को भी जीत की हैट्रिक का ईनाम
कैप्टन सरकार में शामिल किए जा रहे मोहाली के विधायक बलबीर सिंह सिद्धू को भी जीत की हैट्रिक लगाने के बाद मंत्री पद मिलने जा रहा है। बलबीर सिंह सिद्धू ने 2007, 2012 और 2017 के चुनाव में लगातार जीत हासिल की है।  2007 के चुनाव में वह खरड़ विधानसभा हलके से चुनाव जीत थे, उन्होंने अपने विपक्षी उम्मीदवार जसजीत सिंह को 13,615 मतों के अंतर से हराया था। इसके बाद 2012 के चुनाव में बलवंत सिंह रामूवालिया को 16,756 मतों के अंतर से हराया, पिछले चुनाव के दौरान उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरेन्द्र सिंह के साथ था। बलबीर सिद्धू ने नरेन्द्र सिंह को 27,875 मतों से मात दी। सिद्धू को 66,844 मत हासिल हुए थे जबकि नरेन्द्र सिंह को 38,971 मत मिले। हालांकि इससे पहले सिद्धू भी बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव हार चुके हैं। उन्हें 2002 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार बीर दविन्द्र सिंह ने खरड़ विधानसभा क्षेत्र में मात दी थी। 

विस्तार में भी मालवा को तवज्जो
कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की सरकार में पहले ही मालवा के विधायकों की सरदारी थी, लेकिन नए कैबिनेट विस्तार में भी मालवा के 5 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इससे पहले कैबिनेट में मालवा के 6 मंत्री थे। माझा के 3 विधायकों को कैबिनेट में जगह मिली है, इससे पहले कैबिनेट में माझा के 3 विधायक मंत्री बनाए गए थे। 

ओ.पी. सोनी (अमृतसर सैंट्रल) कांग्रेस का अजेय चेहरा
कैप्टन कैबिनेट में शामिल किए गए अमृतसर सैंट्रल विधानसभा सीट से विधायक ओ.पी. सोनी कांग्रेस का अजेय चेहरा हैं। वह पिछले 20 साल से विधायक हैं। 1997 और 2002 का चुनाव सोनी ने बतौर आजाद उम्मीदवार जीता था तथा उसके बाद 2007 के चुनाव में उन्होंने राजिन्द्र मोहन छीना को 12,103 मतों से हराया था जबकि 2012 के चुनाव में तरुण चुघ को 12,797 और 2017 के चुनाव में एक बार फिर तरुण चुघ को ही 21,116 मतों से मात दी। ओ.पी. सोनी कांग्रेस विधायक मंडल के इकलौते ऐसे नेता हैं जो पिछले 5 चुनाव से लगातार जीत रहे हैं लेकिन 2017 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्हें वरिष्ठता के बावजूद मंत्री पद नहीं मिल पाया था। 

लोकसभा चुनाव में हारे सिंगला अब मंत्री बनेंगे 
कैप्टन सरकार में शामिल किए गए संगरूर से विधायक विजयइंद्र सिंगला को सियासत विरासत में मिली है। उनके पिता संत राम सिंगला कांग्रेस के सांसद थे। सिंगला ने सियासी सफर 2002 में पंजाब यूथ कांग्रेस के जरिए शुरू किया था। 2005 में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की सरकार के समय उन्हें पंजाब एनर्जी डिवैल्पमैंट अथारिटी यानी पेडा का चेयरमैन बनाया गया। इसके बाद वह 2006 से 2008 तक पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान रहे। 2009 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सुखदेव सिंह ढींडसा को मात दी और यू.पी.ए. सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान वह बैस्ट पाॢलयामैंटेरियन भी चुने गए। 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश बांसल को 30,812 मतों के अंतर से हराया। विजयइंद्र सिंगला सरकार में युवा मंत्री के तौर पर शामिल किए जा रहे हैं। 

बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव हारे थे अरोड़ा, आज मंत्री बनेंगे
कैप्टन की कैबिनेट में शामिल किए जा रहे दोआबा के इकलौते चेहरे शाम सुंदर अरोड़ा भी 2002 के चुनाव में बतौर आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़कर तीसरे नम्बर पर रहे थे लेकिन बाद में वह कांग्रेस के साथ आ गए और 2012 व 2017 के चुनाव में लगातार 2 बार जीत हासिल की। 2012 के चुनाव में उन्होंने तीक्षण सूद को 6208 मतों के अंतर से हराया था जबकि 2017 के चुनाव में वह 11,233 मतों के अंतर विजयी रहे थे। शाम सुंदर अरोड़ा को कैप्टन के साथ करीबी होने का फायदा मिला है और लगातार 2 जीत हासिल करने के बाद अब उन्हें सत्ता में हिस्सेदारी हासिल हुई है। 

2012 में चुनाव हारे, आज मंत्री बनेंगे कांगड़ 
कैबिनेट में शामिल किए गए रामपुराफूल से विधायक गुरप्रीत सिंह कांगड़ को भी वरिष्ठता का ईनाम मिला है। हालांकि कांगड़ 2012 का चुनाव सिकंदर सिंह मलूका के हाथों 5136 मतों के अंतर से हार गए थे लेकिन 2017 के चुनाव में उन्होंने मलूका को 10,385 मतों के अंतर से हरा दिया। इससे पहले 2007 के चुनाव में भी कांगड़ ने सिकंदर सिंह मलूका को 2259 मतों के अंतर से हराया था। कांगड़ को अकाली दल के हैवीवेट मंत्री मलूका को हराने का भी फायदा हुआ है और कांग्रेस हाईकमान ने उन पर विश्वास जताकर उन्हें मंत्री पद दिया है। 

लगातार 4 चुनाव जीतने वाले सोढी बनेंगे मंत्री
कैबिनेट में शामिल किए गए गुरुहरसहाय के विधायक राणा गुरमीत सिंह सोढी भी जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। उन्होंने 2002, 2007, 2012 और 2017 के विधानसभा चुनाव में लगातार 4 जीत हासिल की हैं। 2002 के चुनाव में उन्होंने परमजीत सिंह को 5431 मतों के अंतर से हराया जबकि 2007 के चुनाव में एक बार फिर परमजीत सिंह संधू को 18,570 मतों के अंतर से मात दी जबकि 2012 के चुनाव में उन्होंने अकाली दल के उम्मीदवार बलदेव सिंह को 3249 मतों से पराजित किया। 2017 के चुनाव में एक बार फिर उन्होंने बलदेव सिंह को 5796 मतों के अंतर से हराया। राणा गुरमीत सोढी को 62,787 मत हासिल हुए जबकि उनके विरोधी वरदेव सिंह मान 56,991 मत ही हासिल कर सके।  

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!