Edited By Vatika,Updated: 26 Jul, 2019 09:17 AM
पंजाब में खाली हुई 2 विधानसभा सीटों फगवाड़ा तथा जलालाबाद में उपचुनाव अक्तूबर महीने में केन्द्रीय चुनाव आयोग द्वारा करवाया जाएगा। सरकारी हलकों से पता चला है कि चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा व अन्य राज्यों में होने वाले राज्य विधानसभा के आम चुनावों के साथ...
जालंधर (धवन): पंजाब में खाली हुई 2 विधानसभा सीटों फगवाड़ा तथा जलालाबाद में उपचुनाव अक्तूबर महीने में केन्द्रीय चुनाव आयोग द्वारा करवाया जाएगा। सरकारी हलकों से पता चला है कि चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा व अन्य राज्यों में होने वाले राज्य विधानसभा के आम चुनावों के साथ ही इन दोनों सीटों पर उपचुनाव करवाया जाएगा।
आमतौर पर चुनावी नियमों के अनुसार रिक्त होने वाली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 6 महीने के भीतर करवाया जाना अनिवार्य होता है। चुनाव आयोग द्वारा उपचुनाव आम तौर पर अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों या फिर देश में होने वाले अन्य उपचुनावों के साथ ही करवाया जाता है। सरकारी हलकों ने बताया कि चूंकि अक्तूबर महीने में हरियाणा, महाराष्ट्र व अन्य राज्यों में भी विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है इसलिए चुनाव आयोग द्वारा फगवाड़ा तथा जलालाबाद में भी उपचुनाव इन्हीं के साथ करवा दिए जाएंगे। पंजाब में फगवाड़ा तथा जलालाबाद विधानसभा सीटें इसलिए खाली हुई हैं क्योंकि इन दोनों सीटों पर भाजपा व अकाली दल के विधायक लोकसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। इसके लिए कांग्रेस दावेदारों ने अपनी गतिविधियां व सरगर्मियां टिकटों के लिए तेज कर दी हैं।
टिकटों के दावेदार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के इर्द-गिर्द टिकटों के लिए घूमने शुरू हो गए हैं। फगवाड़ा आरक्षित विधानसभा सीट के लिए पूर्व मंत्री जोगिन्द्र सिंह मान, पूर्व विधायक त्रिलोचन सिंह सूंढ, बलबीर रानी सोढी व अन्य के नाम चर्चा में चल रहे हैं। इसी तरह से जलालाबाद विधानसभा सीट के लिए युवा नेता अनीश सिडाना, हंसराज जोसन व शेर सिंह घुबाया का नाम चर्चा में बताया जा रहा है। यद्यपि कुछ समय पहले पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ का नाम भी चर्चा में आया था परन्तु बताया जा रहा है कि जाखड़ उपचुनाव लडऩे के इच्छुक नहीं हैं। मुख्यमंत्री द्वारा सितम्बर महीने में ही कांग्रेस उम्मीदवारों बारे कोई फैसला लिया जाएगा।