Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Dec, 2017 12:20 PM
भारतीय जनता पार्टी की मैंने 50 वर्ष सेवा की, लेकिन पार्टी से पहली बार टिकट मांगा तो यह कहा गया कि आपको देखा जाए या शहर के 80 वार्डों को। पहले भाजपा ने टिकट के लिए रुलाया अब आशु सांपला मिन्नतें कर रहा है। यह कहना है पूर्व भाजपा नेता सुभाष कपूर का।...
जालंधर(पाहवा): भारतीय जनता पार्टी की मैंने 50 वर्ष सेवा की, लेकिन पार्टी से पहली बार टिकट मांगा तो यह कहा गया कि आपको देखा जाए या शहर के 80 वार्डों को। पहले भाजपा ने टिकट के लिए रुलाया अब आशु सांपला मिन्नतें कर रहा है। यह कहना है पूर्व भाजपा नेता सुभाष कपूर का। जिला अध्यक्ष की तरफ से दरकिनार किए जाने पर वह लोगों के स्नेह व जोश को देखते हुए आजाद तौर पर वार्ड नंबर 44 से मैदान में उतरे हैं।
कपूर ने कहा कि पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के सामने वह खूब रोया लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। उसके बाद वह करीब एक सप्ताह तक घर में रहा लेकिन किसी ने उन्हें नहीं पूछा। क्षेत्र के लोगों ने उन्हें चुनाव में खड़ा कर दिया तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय सांपला का भतीजा आशु सांपला उनके घर आ पहुंचा। इस दौरान उसके साथ वार्ड से अकाली दल के उम्मीदवार मंजीत सिंह टीटू व भाजपा नेता अमित तनेजा भी थे।
वह घर में नहीं थे, लेकिन उनके परिवार के लोगों को तीनों नेताओं ने दबाव डाल कर चुनाव से नाम वापस लेने को कहा। बकायदा मुंह मांगी रकम की भी ऑफर दिया। रात 11 से लेकर 2 बजे तक वे लोग उनके घर बैठे रहे। उसके बाद सांपला का एक अन्य रिश्तेदार रॉबिन अब उन्हें फोन कर चुनाव मैदान से हटने को कह रहा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें टिकट देने में इस तरह आनाकानी की थी उसके नेता अब मंजीत सिंह टीटू को जिताने के लिए उन्हें चुनाव मैदान में से हटाना चाहते हैं। कपूर ने कहा कि वह मैदान में डटे रहेंगे।