Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jun, 2017 10:22 AM
सी.एम. सिटी के विकास के लिए सभी विभागों के एक्सियन में तालमेल करवा दिया गया है। यह पहली बार हुआ है जब नगर निगम और पी.डब्ल्यू.डी. के एक्सियन में आपसी तालमेल बनाने के लिए डिप्टी कमिश्नर कुमार अमित और निगम कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने संयुक्त मीटिंग करवाई।...
पटियाला(राजेश): सी.एम. सिटी के विकास के लिए सभी विभागों के एक्सियन में तालमेल करवा दिया गया है। यह पहली बार हुआ है जब नगर निगम और पी.डब्ल्यू.डी. के एक्सियन में आपसी तालमेल बनाने के लिए डिप्टी कमिश्नर कुमार अमित और निगम कमिश्नर गुरप्रीत सिंह ने संयुक्त मीटिंग करवाई। शहर की कई सड़कें पी.डब्ल्यू.डी. की अलग-अलग डिवीजनों के अधीन हैं। इस कारण पी.डब्ल्यू.डी. वाली सड़कों पर नगर निगम काम नहीं कर सकता था।
अब नहीं चलेगा बहाना
अब यह बहाना नहीं चलेगा कि वह सड़क दूसरे विभाग के पास है, इसलिए नगर निगम कुछ नहीं कर सकता है। इस मीटिंग में नगर निगम के कमिश्नर गुरप्रीत सिंह, निगम के एस.ई. इंजी. एम.एम. स्याल, एक्सियन शाम लाल गुप्ता, एक्सियन नैशनल हाईवे 2 एन.पी. सिंह आदि शामिल थे।
4 करोड़ रुपए के एस्टीमेट
इस दौरान शहर के विकास कार्य 2 फेज में करने का फैसला किया गया। 4 करोड़ रुपए के एस्टीमेट बनाए गए हैं। इनमें 40 लाख रुपए नगर निगम द्वारा डाले जाएंगे और बाकी पैसे पी.डब्ल्यू.डी. की संबंधित डिवीजनों द्वारा खर्च किए जाएंगे। 150 करोड़ रुपए के एस्टीमेट बनाकर मुख्यमंत्री दफ्तर भेजे जाएंगे।
मुख्यमंत्री से प्रोजैक्ट और फंड करवाया जाएगा मंजूर
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के प्रिंसीपल सैक्रेटरी और 2002 से 2007 वाली कैप्टन सरकार में पटियाला के डिप्टी कमिश्नर रहे तेजवीर सिंह खुद पटियाला के विकास कार्यों की निगरानी करेंगे। पटियाला के सभी एस्टीमेट और प्रोजैक्ट पहले तेजवीर के पास जाएंगे और उसके बाद वह मुख्यमंत्री से प्रोजैक्ट और फंड मंजूर करवाकर डिप्टी कमिश्नर को भेजेंगे।