Edited By Kamini,Updated: 29 Aug, 2026 05:34 PM

बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस ने ज्वलनशील पदार्थ से हमला करने के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है।
बठिंडा (विजय वर्मा): बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस ने ज्वलनशील पदार्थ से हमला करने के मामले की गुत्थी सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, जिस व्यक्ति ने अपने घर पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला होने की शिकायत दर्ज करवाई थी, उसी ने कथित तौर पर सरकारी सुरक्षा हासिल करने के लिए खुद ही हमले की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता हरजीत सिंह निवासी भुच्चो खुर्द और अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मोला निवासी पधरी खुर्द, जिला तरनतारन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त की रात करीब 11.20 बजे थाना कैंट बठिंडा को हरजीत सिंह के घर पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मानवीय इंटेलिजेंस की मदद से मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। पुलिस का दावा है कि जांच की सुई धीरे-धीरे शिकायतकर्ता की ओर ही घूम गई। इसके बाद पुलिस ने अनमोलप्रीत सिंह उर्फ मोला को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान अनमोलप्रीत सिंह ने खुलासा किया कि हरजीत सिंह के कहने पर ही उसने उसके घर पर हमला किया था। पुलिस का दावा है कि हरजीत सिंह ने यह पूरा ड्रामा इसलिए रचा था ताकि हमले को आधार बनाकर सरकार से अपने लिए सुरक्षा हासिल की जा सके। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हरजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान अनमोलप्रीत सिंह ने 2 अन्य व्यक्तियों के नाम भी बताए हैं, जिन्हें मामले में नामजद कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सुरक्षा हासिल करने के लिए रची गई इस कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here