Edited By Updated: 12 Apr, 2017 09:55 AM
साल 2015 में 25 किलो हैरोइन मामले में फाजिल्का पुलिस को चकमा देकर फरार हुए शातिर तस्कर रिंकू सिंह को जालंधर देहात की पुलिस ने लोहियां इलाके से काबू कर लिया। रिंकू सिंह पिछले करीब 2 साल से नाम बदल कर मैहतपुर इलाके में रह रहा था।
जालंधर(प्रीत): साल 2015 में 25 किलो हैरोइन मामले में फाजिल्का पुलिस को चकमा देकर फरार हुए शातिर तस्कर रिंकू सिंह को जालंधर देहात की पुलिस ने लोहियां इलाके से काबू कर लिया। रिंकू सिंह पिछले करीब 2 साल से नाम बदल कर मैहतपुर इलाके में रह रहा था। आरोपी से जालंधर देहात पुलिस ने 1.5 किलो नशीला पाऊडर बरामद किया है। उक्त शातिर तस्कर फिरोजपुर एरिया से नशीले पदार्थ लाकर लोहियां, नकोदर, फिल्लौर व आसपास के इलाकों में सप्लाई कर रहा था। जालंधर देहात के एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि थाना लोहियां के एस.एच.ओ. सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में काम कर रहे ए.एस.आई. परगट सिंह को सूचना मिली थी कि शातिर तस्कर रिंकू सिंह पुत्र लेख सिंह वासी ढोला भैणी, मोहातम नगर, फाजिल्का मैहतपुर एरिया में रह रहा है और बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी के धंधे में संलिप्त है।
सूचना मिलते ही एस.पी. इनवैस्टीगेशन वजीर सिंह के नेतृत्व में डी.एस.पी. नकोदर विलियम जैजी, एस.आई. सुरेन्द्र सिंह पर आधारित टीम ने योजनाबद्ध ढंग से की गई जांच के दौरान आरोपी को रेलवे स्टेशन कंगकलां के निकट से काबू किया। आरोपी से मौके पर 1.5 किलो नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पकड़े जाने पर उसने अपना नाम जीता सिंह पुत्र बलबीर सिंह वासी भैणी गुज्जरां, सिधवां बेट, लुधियाना बताया और अपना आधार कार्ड भी दिखाया लेकिन जांच में आधार कार्ड जाली पाया गया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपनी असल पहचान रिंकू सिंह के रूप में बताई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
फाजिल्का पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ था रिंकू
एस.एस.पी. भुल्लर ने बताया कि फाजिल्का पुलिस ने फरवरी 2015 में ट्रैप के दौरान 3 तस्करों को 25 किलो हैरोइन के साथ गिरफ्तार किया था लेकिन रिंकू सिंह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। आरोपी फाजिल्का पुलिस को वांछित है। अदालत ने रिंकू को भगौड़ा करार दिया हुआ है।
तस्करी में संलिप्त मौजूदा सरपंच का मौसेरा भाई है रिंकू
एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि थाना लोहियां पुलिस ने सरपंच सतनाम सिंह पुत्र भगवान सिंह वासी मुंडी शाहिरयां के खिलाफ अप्रैल माह में ही नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में केस दर्ज किया था। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। पूछताछ मे खुलासा हुआ है कि हैरोइन तस्कर रिंकू सिंह और सरपंच सतनाम सिंह दोनों मौसेरे भाई हैं। रिंकू सिंह लोहियां पुलिस द्वारा सतनाम सिंह के खिलाफ दर्ज मामले में भी पुलिस को वांछित था।
फिरोजपुर बार्डर एरिया से लाता था नशीले पदार्थ
आरोपी रिंकू सिंह की करीब 4 महीने पहले एक एक्सीडैंट में टांग टूट गई थी। इसके बावजूद रिंकू सिंह का सम्पर्क फिरोजपुर बार्डर एरिया से जुड़े गांवों के कुछ तस्करों के साथ रहा। वह उक्त लोगों से नशीले पदार्थ मंगवा कर मैहतपुर, लोहियां व आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था।
पाकिस्तानी तस्करों से हैं संबंध
स्मगलर रिंकू के पाकिस्तानी तस्करों के साथ भी संबंध सामने आए हैं। आरोपी रिंकू के पाकिस्तानी के तस्करों से फोन पर सम्पर्क रहे हैं। आरोपी से पाकिस्तान के सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
नशीले पदार्थ बेच बनाई कोठी और सतलुज दरिया के पास खरीदी 3 खेत जमीन
एस.एस.पी. ने बताया कि आरोपी रिंकू सिंह ने पूछताछ में बताया कि फाजिल्का पुलिस से बच कर वह मैहतपुर के गांव बीटला झुग्गियां में आकर रहने लगा। उसने नशा बेच कर गांव में एक कोठी और सतलुज दरिया के निकट 3 खेत जमीन खरीदी थी। जमीन वह बेच चुका है। आरोपी से नशा बेच कर बनाई गई प्रॉपर्टी या नकदी संबंधी पूछताछ की जा रही है। जांच के पश्चात कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उक्त प्रॉपर्टी अटैच की जाएगी।