Edited By Updated: 16 Dec, 2016 09:30 AM
पंजाब पुलिस के 5624 कर्मियों को प्रोमोशन मिल गई है। इस दौरान मुख्यातिथि पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब पुलिस पर उन्हें बतौर गृह मंत्री गर्व है।
जालंधर छावनी (कमलेश) : पंजाब पुलिस के 5624 कर्मियों को प्रोमोशन मिल गई है। इस दौरान मुख्यातिथि पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब पुलिस पर उन्हें बतौर गृह मंत्री गर्व है। पुलिस दिन-रात एक कर लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करती है और उनकी भी यह कोशिश रहती है कि वे पुलिस की भलाई के लिए तत्पर रहें। उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस फोर्स की संख्या 70 हजार के करीब है और इसमें से 40 प्रतिशत भॢतयां पिछले 10 साल में हुई हैं। महिला पुलिस भर्ती की शुरूआत अकाली दल की ही देन है।
पुलिस कर्मियों ने डिप्टी सी.एम. को सुनाई समस्याएं
पुलिस कर्मियों ने डिप्टी सी.एम. सुखबीर बादल को अपनी समस्याएं सुनाई। कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें भी पुलिस कैंटीनों में बी.एस.एफ. के जितना वैट लगाया जाए। इस पर उपमुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे बी.एस.एफ. से भी 1 प्रतिशत कम वैट पुलिस कैंटीनों में लगवाएंगे और जल्द ही इस मुद्दे को कैबिनेट में ले जाएंगे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने रोष जताया कि ड्यूटी के दौरान बहादुरी दिखाने पर उन्हें सर्टीफिकेट तो मिल जाता है, परंतु घोषित ईनाम राशि वर्षों तक नहीं मिल पाती। इस मामले में डिप्टी सी.एम. ने घोषणा की कि आगे से ऐसी घोषित राशि पुलिसकर्मियों को पुलिस वैल्फेयर में से तुरंत मुहैया करवाई जाएगी।इस दौरान डी.जी.पी. पंजाब सुरेश अरोड़ा ने भी उपमुख्यमंत्री को पुलिस को आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जब भी पुलिस की ड्यूटी दूसरे स्थानों पर लगती है तो उन्हें खाने-पीने की काफी समस्या आती है जोकि जल्द ही दूर होनी चाहिए। अगर ड्यूटी के दौरान कोई पुलिसकर्मी शहीद हो जाता है तो उसके परिवार को पुलिस वैल्फेयर में से उपयुक्त धनराशि की सुविधा भी दी जाएगी और उनके रैंक को न देखते हुए उनके परिवार में से किसी भी स्नातक व्यक्ति को सीधे सब इंस्पैक्टर बनाया जाएगा और हाल ही में ऐसी सुविधा 5 परिवारों को मिल चुकी है।