Edited By Vatika,Updated: 27 Mar, 2021 09:54 AM
मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने गलवान घाटी में बहादुरी दिखाने वाले 5 शहीदों के सम्मान में उनके पैतृक गांवों के विकास के लिए 25-25 लाख जारी करने की मंजूरी दी है।
चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी,धवन): मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह ने गलवान घाटी में बहादुरी दिखाने वाले 5 शहीदों के सम्मान में उनके पैतृक गांवों के विकास के लिए 25-25 लाख जारी करने की मंजूरी दी है। पूर्व सैनिकों के लिए कल्याण स्कीमों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का विनम्र प्रयास है कि गलवान घाटी के शहीदों के गांवों का विकास किया जाए।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 3 मीडियम रैजीमैंट के नायब सूबेदार मनदीप सिंह के गांव सील (पटियाला), नायब सूबेदार सतनाम सिंह के गांव भोजराज (गुरदासपुर), 3 वीर चक्र अवॉर्डी सिपाही गुरतेज सिंह के गांव बीरेवाल डोगरा (मानसा), 3 सिपाही गुरबिंद्र सिंह के गांव तोलेवाल (संगरूर) और 58 इंजीनियर रैजीमैंट के लान्स नायक सलीम खान के गांव मरदांहेड़ी (पटियाला) के विकास के लिए 25-25 लाख स्वीकृत किए हैं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पंजाब स्टेट वॉर हीरोज मैमोरियल एंड म्यूजियम, अमृतसर के लिए भी 18 करोड़ की मंजूरी दी है। पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों की विधवाओं और पारिवारिक सदस्यों के रहन-सहन की सुविधा के लिए मानसा और शहीद भगत सिंह नगर में सैनिक रैस्ट हाऊसज के निर्माण के लिए 4 करोड़ मंजूर किए गए। फाजिल्का जिले के आसफवाला में वॉर मैमोरियल के नवीनीकरण और विक्ट्री टावर के निर्माण के लिए 39.50 लाख जारी करने की भी मंजूरी दे दी। यह मैमोरियल 1971 की भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान फाजिल्का क्षेत्र में शहादत पाने वाले सैनिकों की वीर गाथा की याद में बनाया गया था।