Edited By Vatika,Updated: 21 Mar, 2020 10:05 AM
सिविल अस्पताल रूपनगर में कोरोना वायरस को लेकर 2 बच्चे व एक लड़की को दाखिल किया गया है।
रूपनगर (कैलाश): सिविल अस्पताल रूपनगर में कोरोना वायरस को लेकर 2 बच्चे व एक लड़की को दाखिल किया गया है। इनमें से एक बच्चा 5 महीने का एवं बच्ची 8 वर्ष की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 महीने का बच्चा श्री आनंदपुर साहिब में एक गुरुद्वारा साहिब के गेट पर किसी समाजसेवी ने देखा और उस समय बच्चे को बुखार था, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल रूपनगर लाया गया। यहां संदिग्ध कोरोना वायरस के चलते बच्चे के रक्त के नमूने जांच के लिए चंडीगढ़ पी.जी.आई. भेजे गए हैं।
एक अन्य मामला 8 माह की बच्ची से संबंधित है और यह बच्ची सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब रैफर होकर पहुंची है। इस मौके पर डा. रणवीर ने बच्ची का चैकअप किया था। रूपनगर सिविल अस्पताल में डाक्टरों के अनुसार उक्त बच्ची का कोरोना वायरस संबंधी जांच करवाने को कहा गया। लड़की के पिता ने बताया कि वह रात्रि एक बजे सिविल अस्पताल रूपनगर पहुंचे थे तथा 3 डाक्टरों की टीम ने उनकी बच्ची का टैस्ट लेकर पी.जी.आई. भेजा। परंतु दूसरी तरफ लड़की के पिता ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि बच्ची को सिर्फ बुखार की शिकायत थी और उसे कोई कोरोना जैसे लक्षण नहीं थे।
उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल में पहुंचने पर जब बच्ची को बुखार था तो इस संबंधी उसे कोई दवा नहीं दी गई। यहां तक अस्पताल में उस समय पीने वाले पानी की सुविधा भी नहीं थी। इसी तरह देर सायं एक तीसरी लड़की जो रूपनगर में एक सैलून में काम करती है तथा अमृतसर साहिब की रहने वाली है। उसे सिविल अस्पताल रूपनगर में कोरोना रोग से संदिग्ध पाए जाने पर भर्ती किया गया है। पता चला है कि उक्त लड़की ने किसी विदेश आए यात्री का मेकअप किया था। इसके बाद उसके लक्षणों के आधार पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी संदिग्ध रोगियों को सिविल अस्पताल के स्पैशल आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है और यहां बाकायदा पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं।