Edited By Vatika,Updated: 18 Mar, 2020 08:27 AM
सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस के 2 संदिग्ध मरीज पहुंचे। आज सैंट्रल जेल के अंदर से एक हवालाती को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया है।
लुधियाना(राज/स्याल): सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस के 2 संदिग्ध मरीज पहुंचे। आज सैंट्रल जेल के अंदर से एक हवालाती को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया है। बताया जा रहा है कि उक्त हवालाती को खांसी और बुखार है, इसलिए कोरोना वायरस होने के शक में उसे सिविल अस्पताल जांच के लिए भर्ती करवाया गया है। हालांकि, अभी उसका सैंपल भेजना बाकी है।
जानकारी के मुताबिक उक्त हवालाती नवांशहर का रहने वाला है। उसके खिलाफ सन 2018 में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। मगर केस दर्ज होने के बाद वह अमेरिका चला गया था। इस बीच उसकी गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट ने उसे भगौड़ा घोषित कर दिया था और उसकी एल.ओ.सी. जारी कर दी गई थी। जब फरवरी 2020 को वह विदेश से वापिस इंडिया आया तो उसे एयरपोर्ट पर पुलिस ने दबोच लिया था और उसे लुधियाना के सेंट्रल जेल भेज दिया था।
सूत्रों का कहना है कि उसे हलकी खांसी और बुखार था। जब वह आज जेल के अस्पताल में खुद का चैकअप करवाने गया तो, उसकी ट्रैवल हिस्ट्री के कारण डॉक्टरों को शक हुआ। इसलिए उन्होने शक के आधार पर उसे सिविल अस्पताल में भेज दिया है। जहां उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।