Edited By Updated: 10 Feb, 2017 02:46 AM
फिरोजपुर सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस ने लूटपाट व डकैती करने की तैयारी करते
फिरोजपुर,गुरुहरसहाय(कुमार,परमजीत,शर्मा,आवला): फिरोजपुर सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस ने लूटपाट व डकैती करने की तैयारी करते 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है जिन्होंने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान माना है कि पंजाब विधानसभा चुनावों में मतदान के दौरान गुरुहरसहाय में उन्होंने फायरिंग की थी जिसका मास्टर माइंड गगनदीप जज है जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
जानकारी देते एस.पी. इन्वैस्टीगेशन (डिटैक्टिव) फिरोजपुर धर्मवीर सिंह ने बताया कि गगनदीप जज पर पहले से ही 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पकड़े गए व्यक्तियों से पुलिस ने 315 बोर का देसी पिस्तौल, 32 बोर का देसी पिस्तौल और 22 जिंदा कारतूस व एक कार बरामद किए हैं।
एस.पी. ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ फिरोजपुर की पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि बस्तीआना फिरोजपुर के नजदीक बे-आबाद जगह पर बाऊ सिंह, गुरजंट सिंह, गगनदीप सिंह, कमलजीत सिंह, अजय और 3 अज्ञात व्यक्ति हथियारों से लैस होकर लूटपाट की घटना करने के लिए साजिश बना रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने रेड करते बाऊ सिंह और गुरजंट सिंह भट्टी को गिरफ्तार किया है।