Edited By Kalash,Updated: 01 Aug, 2026 04:14 PM

नशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ फरीदकोट ने कार्रवाई करते हुए दाना मंडी, फिरोजपुर रोड के पास दो आरोपियों को 208 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
फरीदकोट (राजन): नशों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ फरीदकोट ने कार्रवाई करते हुए दाना मंडी, फिरोजपुर रोड के पास दो आरोपियों को 208 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान सामने आई जानकारी के आधार पर इस मामले में दो अन्य व्यक्तियों को भी नामजद किया गया है, जिनकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी अराइयां वाली बस्ती, जिला फिरोजपुर तथा हरप्रीत सिंह निवासी चक्क मेघा वीरान, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। जबकि इसी मामले में लखविंदर सिंह निवासी लखा सिंह वाला हिठाड़, जिला फिरोजपुर तथा रमणजीत सिंह निवासी कुट्टी, जिला फिरोजपुर को नामजद किया गया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और गश्त के दौरान दाना मंडी, फिरोजपुर रोड के पास मौजूद थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक के लिफाफे में रखी 208 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा व्यक्तिगत तलाशी के दौरान तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद हेरोइन, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here