Edited By swetha,Updated: 11 Nov, 2018 11:06 AM
शहर के सरहिंद रोड पर स्थित घुम्मण नगर इलाके में आज सुबह-सुबह एक घर में 3 व्यक्ति चोरी की नीयत से घुस गए। परिवार वालों को इसकी भनक लग गई। घर के मालिक लाभ सिंह ने अपनी लाइसैंसी रिवाल्वर तान कर घर में घुसे व्यक्तियों को ललकारा तो उन्होंने लाभ सिंह पर...
पटियाला(बलजिन्द्र): शहर के सरहिंद रोड पर स्थित घुम्मण नगर इलाके में आज सुबह-सुबह एक घर में 3 व्यक्ति चोरी की नीयत से घुस गए। परिवार वालों को इसकी भनक लग गई। घर के मालिक लाभ सिंह ने अपनी लाइसैंसी रिवाल्वर तान कर घर में घुसे व्यक्तियों को ललकारा तो उन्होंने लाभ सिंह पर फायर करने की धमकी दी। इसके बाद उसने फायर कर दिया। गोली दीवार फांद रहे एक व्यक्ति को लगी और वह पड़ोसियों के घर में जा गिरा।
गोली चलते ही अन्य दोनों व्यक्ति फरार हो गए। लाभ सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना अनाज मंडी के एस.एच.ओ. हैरी बोपाराय पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर राजिन्द्रा अस्पताल में पहचान के लिए रखवा दिया और लाभ सिंह के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया। दूसरी तरफ मृतक की पहचान के लिए थाना अनाज मंडी और सी.आई.ए. स्टाफ पटियाला की पुलिस जुटी हुई है। देर रात तक इस मामले की जांच चल रही थी। मृतक व्यक्ति की उम्र 20 से 25 साल के बीच लगती है और वह पंजाब से बाहर का ही लग रहा है।
इधर पुलिस को लाभ सिंह ने बताया कि उसका पुत्र विदेश में रहता है । वह अपनी पत्नी व बहू के साथ घर में रह रहा है। बीती रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने के लिए चले गए और उसकी पत्नी व बहू दूसरे कमरे में सो गईं। सुबह जब कुछ टूटने की आवाज आई तो उसकी पत्नी ने उसे उठाया। बाहर आकर देखा तो पाया कि 3 लोग घर में चोरी की नियत के साथ घुसे हुए हैं, जब उसने चोरों को ललकारा तो उन्होंने उसे गोली मारने की चेतावनी दी। इसके बाद उसने अपनी राइफल से फायर किया जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 2 फरार हो गए। पुलिस ने जब मृतक की जेब की तलाशी ली तो उसमें से एक बीड़ी का मंडल और 20 रुपए निकले।