Edited By Kalash,Updated: 30 Aug, 2026 05:38 PM

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रूपनगर मनिंदर सिंह के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) पलविंदर सिंह चीमा के नेतृत्व में रूपनगर पुलिस ने ए.टी.एम. चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करने में सफलता हासिल की है और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 2 वाहन बरामद...
रूपनगर (विजय): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रूपनगर मनिंदर सिंह के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) पलविंदर सिंह चीमा के नेतृत्व में रूपनगर पुलिस ने ए.टी.एम. चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करने में सफलता हासिल की है और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 2 वाहन बरामद किए हैं।
इस संबंध में प्रैस कॉन्फ्रैंस में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (डिटेक्टिव) पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि 24-25 अगस्त की मध्यरात्रि को मोरिंडा में शुगर मिल रोड पर स्थित एच.डी.एफ.सी. बैंक के ए.टी.एम. को आरोपियों ने स्विफ्ट कार के पीछे रस्से से बांधकर खींचने की कोशिश की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी ए.टी.एम. से पैसे नहीं निकाल सके और गाड़ी छोड़कर भाग गए। उन्होंने बताया कि पुलिस स्टेशन मोरिंडा में धारा 331(4), 305, 324(4) बी.एन.एस.-2023 के तहत मामला नंबर 111 दिनांक 25.08.2026 दर्ज किया गया था और विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
सी.सी.टी.वी. फुटेज, तकनीकी सहायता और खुफिया सूत्रों की मदद से पुलिस ने 26 अगस्त को तरनतारन निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ अभि (19) और मोगा निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ किंदा उर्फ कुल्ला (20) को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक स्विफ्ट कार, लोहे का घन, कुल्हाड़ा और रस्सा बरामद किया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है और अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस अधीक्षक (डी) ने बताया कि इसी तरह 11-12 अगस्त की रात को बैंक ऑफ बड़ौदा, जवाहर मार्कीट नंगल के ए.टी.एम. को लूटने का प्रयास किया गया था। इस संबंध में थाना नंगल में मुकदमा संख्या 149 दिनांक 16.08.2026 दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सी.सी.टी.वी. फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर 16 अगस्त को अमनदीप सिंह उर्फ अमन (25) निवासी फरीदकोट और अरमानदीप सिंह उर्फ माना (21) निवासी बठिंडा को स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी फिलहाल जिला जेल रूपनगर में बंद हैं।
कैप्टन पुलिस (डिटेक्टिव) पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि जैसे ही पुलिस को घटना की सूचना मिली, उन्होंने तुरंत नाकाबंदी कर दी और टीमों को सक्रिय कर दिया। उन्होंने कहा कि अपराध के माध्यम से जल्दी अमीर बनने की कोशिश का अंत जेल है। रूपनगर पुलिस जिले में किसी भी बुरे तत्व को सिर उठाने नहीं देगी और कानून व्यवस्था हर कीमत पर कायम रखी जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here