Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Feb, 2018 09:16 AM
पंजाब यूथ कांग्रेस की महासचिव बीबी पूनम कांगड़ा के नेतृत्व में शहर के मेन बाजार महाराजा अग्रसेन चौक में मोदी पकौड़ा स्टाल लगाकर शहरवासियों ने पकौड़ों के नाम केंद्रीय मंत्रियों के नाम पर रख कर बेचे।
संगरूर : पंजाब यूथ कांग्रेस की महासचिव बीबी पूनम कांगड़ा के नेतृत्व में शहर के मेन बाजार महाराजा अग्रसेन चौक में मोदी पकौड़ा स्टाल लगाकर शहरवासियों ने पकौड़ों के नाम केंद्रीय मंत्रियों के नाम पर रख कर बेचे। इसमें मोदी पकौड़ा 80 रुपए किलो, जेतली पकौड़ा 75 रुपए किलो, शाह पकौड़ा 72 रुपए किलो व स्मृति पकौड़ा 65 रुपए किलो के हिसाब से बेचकर मोदी सरकार पर तंज कसा।
यूथ कांग्रेस द्वारा लगाया गया मोदी पकौड़ा स्टाल जहां दिन भर चर्चा व आकर्षण का केंद्र बना रहा वहीं केंद्रीय मंत्रियों के नाम वाले पकौड़े खाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस मौके संबोधित करते बीबी कांगड़ा ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि नौजवानों को उच्च स्तर पर सरकारी नौकरियां देने और रोजगार के साधन पैदा करने के वायदे करने वाली मोदी सरकार आज देश के नौजवानों को पकौड़े बेचने के लिए कह कर बेरोजगारों का मजाक उड़ा रही है।
उन्होंने कहा कि यदि नौजवानों से पकौड़े ही बिकवाने हैं तो अनेकों स्कूल, कालेज और विश्वविद्यालय क्यों खोल रखी हैं। मोदी सरकार को यूनिवर्सिटी आफ हलवाई शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की कहानी चाय से शुरू होकर पकौड़ों पर खत्म हो जाएगी क्योंकि देश की जनता 2019 में राहुल गांधी को देश की बागडोर सौंपने का मन बना चुकी है। इस मौके लखमीर सिंह सेखों, राजपाल राजू, जगसीर सिंह जग्गी, शक्तिजीत सिंह, परमजीत पम्मी, अमन चोपड़ा, इंद्रजीत नीलू, सुमित लक्की गुलाटी, रवि चावला के अलावा अन्य यूथ कांग्रेसी भी उपस्थित थे।