Edited By Sunita sarangal,Updated: 24 Jan, 2021 09:16 AM

पंजाब के पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने रुख बदल लिया है। पंजाब समेत पश्चिमोत्तर......
चंडीगढ़/शिमला/श्रीनगर(राजेश/एजैंसी): पंजाब के पड़ोसी राज्यों हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर मौसम ने रुख बदल लिया है। पंजाब समेत पश्चिमोत्तर क्षेत्र में अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना है। हिमाचल में उच्च व पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को ताजा हिमपात हुआ। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चम्बा और कुल्लू जिलों की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है।
रोहतांग दर्रे पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। प्रदेश में ठिठुरन एक बार फिर बढ़ गई है। पर्यटन नगरी डल्हौजी समेत भरमौर, पांगी, सलूणी व तीसा में हिमपात हुआ है। बर्फबारी के कारण डल्हौजी-खजियार मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। इस मार्ग पर पर्यटकों के वाहन फंस गए हैं। रोहतांग दर्रे सहित अटल टनल में बर्फबारी का दौर शुरू होते ही सभी वाहनों को नॉर्थ पोर्टल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। कश्मीर घाटी में श्रीनगर समेत अन्य इलाकों में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई।
इस महीने घाटी में तीसरी बार बर्फबारी हुई है और आसमान में बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ौतरी दर्ज की गई है। प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में करीब 10 इंच तक बर्फबारी हुई। कुपवाड़ा में 3 इंच, दक्षिणी कश्मीर के काजीगुंड में 1 सैंटीमीटर और श्रीनगर में 0.2 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। जम्मू क्षेत्र के ऊंचाई वाले अन्य क्षेत्रों में भी बर्फबारी की खबरें हैं। बर्फबारी के कारण शनिवार को श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई सेवा प्रभावित रही।