Edited By Vatika,Updated: 08 Mar, 2019 05:03 PM
पंजाब के मोगा में हुई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में नवजोत सिंह सिद्धू का वक्ताओं की सूची में नाम ना होने को लेकर प्रदेश कांग्रेस में विवाद छिड़ गया है। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे नवजोत सिंह सिद्धू का 3 राज्यों में...
चंडीगढ़ः पंजाब के मोगा में हुई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली में नवजोत सिंह सिद्धू का वक्ताओं की सूची में नाम ना होने को लेकर प्रदेश कांग्रेस में विवाद छिड़ गया है। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के स्टार प्रचारक रहे नवजोत सिंह सिद्धू का 3 राज्यों में हुई कांग्रेस की जीत में खासा योगदान रहा है। इसके बावजूद उन्हें अपने ही राज्य में कांग्रेस की रैली में उपेक्षा का शिकार होना पड़ा है। मंच पर नहीं बुलाए जाने पर सिद्धू ने तीखे शब्दों में अपनी नराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 'मुझे मेरी जगह दिखा दी गई है।" सिद्धू के यह शब्द हालांकि यह जाहिर नहीं करते है कि उन्होंने यह प्रदेश कांग्रेस के लिए कहे है या फिर आलाकमान के लिए।
नवजोत सिद्धू ने कहा कि अगर मैं राहुल गांधी की रैली में बोलने के योग्य नहीं हूं तो एक स्टार कैंपेनर के रूप में भी मैं सक्षम नहीं हूं। उन्होंने कहा कि यह मेरे अधिकार में नहीं है कि मुझे आमंत्रित किया जाना चाहिए या नहीं लेकिन इस घटना ने मुझे मेरी जगह दिखा दी है। साल 2004 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की रैली में बोलने से रोका गया था, उसके बाद पहली बार है कि जब उन्हें किसी बड़ी रैली में भाषण नहीं देने दिया गया।
वहीं इस बारे जब पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ से पूछा गया तो उन्होंने भी यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया कि वह रैली से पहले राहुल गांधी के साथ थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उनसे यह भी पूछा था कि मंच पर क्या सभी ने भाषण दे दिया है। लेकिन वह इसका जवाब कैसे दे पाते क्योंकि वह खुद ही राहुल गांधी के साथ थे। हालांकि जाखड़ ने कहा कि सिद्धू कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं।
गौरतलब है कि इस रैली के मुख्य आयोजकों में मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी शामिल थे। रंधावा ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब मामलों की अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रभारी महासचिव आशा कुमारी ने सिर्फ 4 वक्ताओं के नाम के लिए कहा था। चूंकि राहुल गांधी को हिमाचल के कांगड़ा में एक अन्य रैली को भी संबोधित करना था।