Edited By Vatika,Updated: 14 Mar, 2019 12:25 PM
सलेम टाबरी के अमन विहार इलाके में आज 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में मौत हो गई। मृतका की पहचान जीया के रूप में हुई है। उसके ससुरालियों का कहना है कि जीया ने फंदा लगाकर जान दी है।
लुधियाना(महेश): सलेम टाबरी के अमन विहार इलाके में आज 24 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल में मौत हो गई। मृतका की पहचान जीया के रूप में हुई है। उसके ससुरालियों का कहना है कि जीया ने फंदा लगाकर जान दी है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानपुर में मृतका के परिजनों को सूचित करके पूछताछ के लिए जीया के पति सुनील, सास ननकी व ससुर रमेश को हिरासत में ले लिया है। थाना प्रभारी इंस्पैक्टर विजय शर्मा का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जीया के परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। विजय ने बताया कि जीया की मौत गला घुटने से हुई है।
प्रथम दृष्टि में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अभी कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।जीया का विवाह करीब 3 साल पहले हुआ था। उसके कोई बच्चा नहीं था। सुनील पिता के साथ आजार नगर में सिलाई का काम करता है। ससुरालियों का कहना है कि जीया अच्छी भली थी। उसने यह कदम क्यों उठाया। इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, जबकि सुनील का कहना है कि जीया अक्सर मोबाइल पर ही बातें करती रहती थी। विजय का कहना है कि आंचल के बारे जानकारी जुटाई जा रही है। बेस्ट प्राइज से उसका रिकार्ड निकलवाया जा रहा है। उसके सामने आने पर सत्य सामने आएगा।
मृतका के ससुरालियों व मोहल्ले के लोगों के बयान में विरोधाभास
मृतका की सास ननकी ने बताया कि घटना के वक्त उसकी दोनों बेटियां मौजूद थीं, जबकि 2 बच्चे पढऩे के लिए गए हुए थे। तब वह नहाने के लिए गई थी। उसके पड़ोस में शादी है। बच्चे सैंटर से पढ़कर वापस आए। उन्होंने डैक चालू करने के लिए जीया के कमरे से बिजली का कनैक्शन चाहिए था। कई बार उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। तब बच्चों ने खिड़की में से अंदर झांककर देखा तो जीया पंखे से बंधी चुन्नी के सहारे लटक रही थी। उन्होंने शोर मचा दिया, जिसके बाद दरवाजा तोड़कर जीया को नीचे उतारा गया व अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी तरफ मोहल्ले के लोगों का कहना था कि जीया की एक पक्की सहेली आंचल है। दोनों एक साथ जालंधर बाइपास चुंगी के निकट बेस्ट प्राइज में जॉब किया करती थी। दीवाली के बाद दोनों ने एक साथ वहां से काम छोड़ दिया था, जिसके बाद जीया घर पर ही रहा करती थी। उन्होंने बताया कि उन्होंंने आज आंचल को तेजी से एक्टिवा चलाकर जीया के घर की तरफ जाते हुए देखा था। इसके बाद उसने जोर-जोर से जीया के घर का दरवाजा भी पीटा। लोगों का कहना है कि उसे इस बात की जानकारी थी कि कुछ बुरा होने वाला है या हो चुका है। उनका कहना है कि जीया की मौत से पहले आंचल व जीया में मोबाइल पर लाइव बात भी हुई थी।