Edited By Mohit,Updated: 10 Aug, 2019 06:13 PM
शहर के गुरु गोबिंद सिंह नगर में एक नौजवान को घर में बुलाकर लोहे की राड से सिर फाड़ दिया गया।
खन्ना (सुनील): शहर के गुरु गोबिंद सिंह नगर में एक नौजवान को घर में बुलाकर लोहे की राड से सिर फाड़ दिया गया। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन सचिन कुमार (20) पुत्र बलिहारी निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर नजदीक फ्रेंड्स कालोनी खन्ना ने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे वह अपने बड़े भाई संजय, जोकि उनके घर से कुछ मकान छोड़ आगे रहता है, को खाना देकर वापस आ रहा था। बड़े भाई के सामने घर में रहते बादल ने आवाज लगाकर उसे अंदर बुला लिया। मकान में तीन चार लड़के मौजूद थे।
उन्होंने मकान को ताला लगाकर बादल ने सिर में लोहे की राड मारते हुए उसे लहूलुहान कर दिया। घर में मौजूद नौजवानों समेत एक महिला ने उसे बुरी तरह पीटा। किसी तरह उसने छत से कूदकर अपनी जान बचाई और घर आकर सारी बात बताई। उसके चचेरे भाई गुड्डू ने उसे सिविल अस्पताल खन्ना भर्ती कराया। वहां उसके सिर में टांके लगे। हमले का कारण पुरानी रंजिश बताया गया है। उधर, दूसरे पक्ष के लोगों ने सभी आरोपों को झूठ तथा निराधार करार देते हुए कहा कि उन्होंने किसी से मारपीट नहीं की।