Edited By Vatika,Updated: 18 Oct, 2019 12:39 PM
करवाचौथ के दिन सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। इसी के मद्देनजर आज ताजपुर रोड सैंट्रल जेल में कई महिलाएं सलाखों के पीछे बंद
लुधियाना(स्याल) : करवाचौथ के दिन सुहागिन महिलाएं व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु की कामना करती हैं। इसी के मद्देनजर आज ताजपुर रोड सैंट्रल जेल में कई महिलाएं सलाखों के पीछे बंद अपने पतियों का दीदार करने पहुंचीं और मुलाकात करके अपने पतियों की शीघ्र रिहाई की कामना भी की। कई महिलाओं की आंखों में खुशी के आंसू भी छलक रहे थे।
विशेष घोषणा का इंतजार करती रही महिलाएं
जेल प्रशासन को पंजाब सरकार व जेल विभाग की ओर से करवाचौथ पर्व पर जेल ड्यूडी में स्पैशल मुलाकात करवाने के किसी तरह के आदेश प्राप्त नहीं हुए। फिर भी कई बंदियों की पत्नियां जेल परिसर में खड़े होकर जेल अधिकारियों की घोषणा का इंतजार कर रही थीं मगर जेल अधिकारियों का कहना था कि सिर्फ राखी पर्व पर ही जेल ड्यूडी में मुलाकात की छूट होती है फिर भी आज अन्य दिनों के मुकाबले मुलाकातियों की गिनती 300 के लगभग रही।
50 बंदी महिलाओं ने रखा करवाचौथ का व्रत
महिला जेल में 50 के लगभग सुहागिन बंदी महिलाओं ने करवाचौथ का व्रत रखा। व्रत रखने वाली कई बंदी महिलाओं को महिला जेल प्रशासन की ओर से सामान उपलब्ध करवा दिया गया और सांय 4 बजे के लगभग महिलाओं ने गौरी गणेश की आरती कर पूजन किया।