Edited By Vatika,Updated: 20 Aug, 2018 06:44 PM
बहादुरके रोड के चिट्टी कालोनी में घरेलू कलह के चलते 23 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुनील कुमार उर्फ सन्नी का शव शनिवार को उसके घर में लटकता हुआ मिला। सलेम टाबरी पुलिस ने मृतक के मौसा सादा राम की शिकायत पर सोनिया के खिलाफ अपने पति को...
लुधियाना(महेश): बहादुरके रोड के चिट्टी कालोनी में घरेलू कलह के चलते 23 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुनील कुमार उर्फ सन्नी का शव शनिवार को उसके घर में लटकता हुआ मिला। सलेम टाबरी पुलिस ने मृतक के मौसा सादा राम की शिकायत पर सोनिया के खिलाफ अपने पति को आत्महत्या को मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज करके उसे हिरासत में ले लिया है, परंतु उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई। सन्नी का विवाह करीब 5 महीने पहले सोनिया के साथ हुआ था, जोकि जालंधर के निकट गांव दकोहा की रहने वाली है। सन्नी के माता-पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था। मौसा-मौसी ने उसे व उसके भाई का पालन पोषण कर बड़ा किया और सन्नी का चाव से विवाह भी किया।
सोनिया के कारण रहता था घर में क्लेश
सादा का आरोप है कि सोनिया के घर आने के बाद उनके घर में कलेश रहने लगा। सोनिया अकारण ही सन्नी से लड़ाई-झगड़ा करती थी। कई बार पंचायत ने दोनों में समझौता भी करवाया था। पिछले कुछ दिनों से फिर इनमें झगड़ा चल रहा था। कल सोनिया की तरफ से पंचायत के लिए कुछ लोगों ने आना भी था।
सोनिया ने बोला झूठ, काम पर गया सन्नी
सादा ने बताया कि सन्नी के घर के सामने उसका घर है। आज सुबह जब वह सन्नी के घर गया तो सोनिया ने उससे झूठ बोला कि सन्नी काम पर चला गया है, जिस पर वह वापस आ गया। करीब 10 मिनट बाद ही उनके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसे आकर बताया कि उसके बेटे ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सन्नी को चुन्नी के सहारे लटकता हुआ देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जबकि सोनिया के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। उसने लोगों की मदद से सन्नी को फंदे से उतारा, परंतु तब तक उसके प्राण निकल चुके थे। उसने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सादा का आरोप है कि उसके बेटे ने सोनिया की वजह से आत्महत्या की है।
मेरे ऊपर लगाए आरोप झूठे व बेबुनियाद
सोनिया का कहना है कि उस पर लगाए गए आरोप झूठे व बेबुनियाद हैं। वह अपने पति के साथ बेहद खुश थी। उनके बीच ऐसा कोई विवाद नहीं था जिसके चलते उसका पति आत्महत्या करता, जबकि सन्नी ने मौसा-मौसी की वजह से खुदकुशी की है। सन्नी पिछले कई दिनों से घर के कागजात मांग रहा था, जिसे मौसा-मौसी ने देने से साफ इंकार कर दिया था। जिसको लेकर सन्नी परेशान रहता था।
युवती के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, थाने के बाहर लगाया धरना
पुलिस पर धक्केशाही का आरोप लगाते हुए आरोपी युवती सोनिया के परिजनों ने अपने समर्थकों के साथ थाने के बाहर धरना दिया। उनका आरोप था कि पुलिस दबाव में उनकी बेटी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उनका तर्क था कि मौके पर पुलिस को न तो कोई सुसाइड नोट मिला और न ही ऐसी कोई वस्तु मिली जिससे यह साबित हो कि सन्नी ने सोनिया की वजह से आत्महत्या की है, जबकि सोनिया अपने पति को बहुत प्यार करती थी। पुलिस ने बिना जांच पड़ताल किए मात्र एक बयान के आधार पर एक निर्दोष को झूठे केस में फंसा दिया है।