Edited By Vatika,Updated: 07 Dec, 2019 10:32 AM
सिविल अस्पताल में करप्शन किस हद तक फैला हुआ है, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक बर्थ सर्टीफिकेट निकलवाने के
लुधियाना(राज): सिविल अस्पताल में करप्शन किस हद तक फैला हुआ है, इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक बर्थ सर्टीफिकेट निकलवाने के एवज में अस्पताल में कच्चे तौर पर लगे कर्मचारी ने 2500 रिश्वत के तौर पर लिए। मगर विधायक बैंस की टीम ने कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ लिया और उसकी सोशल साइट्स फेसबुक पर लाइव वीडियो बनाई। इस संबंध में अस्पताल प्रशासन को शिकायत दी गई है।
जानकारी के मुताबिक मालेरकोटला के रहने वाले राशिद मोहम्मद का बेटा सन 2017 में सिविल अस्पताल में पैदा हुआ था। उसने बेटे का बर्थ सर्टीफिकेट लेना था। वह तब से लगातार अस्पताल के चक्कर काट रहा था मगर उसे बर्थ सर्टीफिकेट नहीं मिल पा रहा था। फिर उसे अस्पताल के अंदर कच्चे तौर पर काम करने वाला कर्मचारी मिला, जिसने सर्टीफिकेट निकलवाने की एवज में 4 हजार रुपए मांगे थे। राशिद का कहना है कि फिर 2500 पर बात बन गई। इसके बाद वह विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के पास गया। जहां से बैंस ने अपनी टीम उसके साथ भेजी।
जब कर्मचारी ने रिश्वत के 2500 रुपए ले लिए तो उसके बाद बैंस टीम की पवनदीप सिंह साथियों के साथ पहुंची। उन्होंने सोशल साइट्स फेसबुक पर आरोपी की लाइव वीडियो बनाई और उससे राशिद को पैसे वापस दिलवाए। उधर, एस.एम.ओ. डा. अविनाश जिंदल का कहना है कि जिस मुलाजिम पर आरोप लगे हैं, वह अभी कच्चे तौर पर है। वह बहुत ही साफ छवि का कर्मचारी है। उसे 2 से 3 साल काम करते हो गए मगर कोई शिकायत नहीं आई। अगर उसके खिलाफ शिकायत दी गई है, तो उसकी जांच की जाएगी।