Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jul, 2018 02:10 PM
थाना डिवीजन नं. 2 के इलाके अमरपुरा में वीरवार दोपहर घर में घुसे हमलावरों ने राडों से हमला कर 22 वर्षीय युवक की दोनों टांगें, हाथों की उंगलियां तोड़ दीं और सिर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर चंद मिनटों में फरार हो गए। वारदात के बाद घायल को...
लुधियाना(ऋषि): थाना डिवीजन नं. 2 के इलाके अमरपुरा में वीरवार दोपहर घर में घुसे हमलावरों ने राडों से हमला कर 22 वर्षीय युवक की दोनों टांगें, हाथों की उंगलियां तोड़ दीं और सिर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर चंद मिनटों में फरार हो गए। वारदात के बाद घायल को लहूलुहान अवस्था में उपचार के लिए सी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां देर रात उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रिंकल खेड़ा के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस ने पहले वार्ड नं. 52 के कांग्रेसी पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे जतिंदरपाल सिंह और आधा दर्जन अज्ञात हमलावरों कोधारा 452, 307 के तहत केस में नामजद किया था लेकिन देर रात रिंकल की मौत होने के बाद धारा 302 भी लगा दी गई। सूचना मिलते ही इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और रिंकल पक्ष के लोग अस्पताल में इकट्ठे होने शुरू हो गए और देखते ही देखते वहां लोगों को जमावड़ा लग गया। इसके चलते ए.डी.सी.पी.-1 के एरिया के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूत्रों की मानें तो देर रात पुलिस कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।इस संबंध में जब कांग्रेसी पार्षद से पक्ष जानना चाहा तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।
जानकारी देते हुए घायल के बड़े भाई मनी खेड़ा ने बताया कि सुबह उसका भाई और मां परमिंदर कौर घर पर मौजूद थी। तभी कार सवार युवक घर में घुसे। इससे पहले रिंकल कुछ समझ पाता, उन्होंने उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने उसे फोन कर सूचना दी और साथ की गली से वह तुरंत भागकर घर पहुंचा। भाई का आरोप है कि हमलावरों में एक कांग्रेसी पार्षद का बेटा भी था।घायल के परिजनों की तरफ से देर शाम सी.एम.सी. चौक जाम कर दिया गया। उनका आरोप था कि उनके बेटे पर कांग्रेसी पार्षद के बेटे ने हमला किया है, लेकिन मौजूदा सरकार का पार्षद होने के कारण पुलिस उसका साथ दे रही है। इसके बाद भारी मात्रा में पुलिस बल स्थिति कंट्रोल करने के लिए तैनात थी। वहीं भाजपा नेता भी घायल की मदद के लिए आए। जिन्हें ए.डी.सी.पी. वन गुरप्रीत सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत करवाया।