Edited By Vatika,Updated: 17 Oct, 2019 01:42 PM
दशहरे की रात ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शंकर ढाबे पर खाना खाने को लेकर 2 पक्षों में हुई मामूली तकरार के बाद एक पक्ष से संबंधित कुछ युवकों ने वहां खाना खा रहे 3 दोस्तों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी तथा मौके से भाग गए।
लुधियाना(राम): दशहरे की रात ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शंकर ढाबे पर खाना खाने को लेकर 2 पक्षों में हुई मामूली तकरार के बाद एक पक्ष से संबंधित कुछ युवकों ने वहां खाना खा रहे 3 दोस्तों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी तथा मौके से भाग गए।
थाना मोती नगर की पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी मगर पुलिस को कुछ खास सफलता हाथ नहीं लगी थी। अब सी.आई.ए.-2 की पुलिस टीम ने हमलावरों में से 3 को हथियारों व जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर उनके अन्य साथियों की जानकारी के लिए पूछताछ शुरू कर दी है। डी.सी.पी.एस. ढींडसा, ए.सी.पी. सुरिन्दर मोहन व ए.सी.पी. वैभव सहगल ने बताया कि सी.आई.ए. टीम ने सख्त मेहनत के बाद 3 हमलावरों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक के खिलाफ थाना सदर खन्ना में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला भी दर्ज है। उसकी पहचान कृष्णा साहनी उर्फ लड्डू पुत्र मिक्की साहनी वासी दरेसी रोड, मौजूदा वासी सैक्टर-32 ए, चंडीगढ़ रोड के रूप में हुई है।
उक्त अधिकारियों ने बताया कि कृष्णा साहनी ने इसी वर्ष मई में अपनी 12वीं की शिक्षा पूरी की है। जो अब किराए के मकान में सैक्टर-32 ए, स्थित रहता है। जबकि उसके अन्य साथी मनप्रितपाल सिंह उर्फ परैटी पुत्र जसवंत सिंह उर्फ रिंपी निवासी गोबर गैस प्लांट, जमालपुर व तीसरे हमलावर की पहचान धीरज कुमार उर्फ काका पुत्र प्रमोद कुमार निवासी मोहल्ला संजय गांधी कालोनी, लुधियाना के रूप में हुई है। उक्त अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कृष्ण साहनी से 2 पिस्टल देसी 32 बोर, 3 मैगजीन व 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए हमलावरों के 5 अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।