Edited By Punjab Kesari,Updated: 15 Nov, 2017 07:51 AM
दीपावली के बाद से पंजाब लगातार वायु प्रदूषण की मार झेल रहा था। जालंधर में तो हालात दिल्ली से भी बद्तर हो गए थे। दिल्ली से ज्यादा वायु प्रदूषण जालंधर दर्ज किया जाता रहा। अस्पतालों में भी सांस से संबंधित मरीजों की संख्या में तीन गुणा तक इजाफा हो गया...
जालंधर(स.ह.): दीपावली के बाद से पंजाब लगातार वायु प्रदूषण की मार झेल रहा था। जालंधर में तो हालात दिल्ली से भी बद्तर हो गए थे। दिल्ली से ज्यादा वायु प्रदूषण जालंधर दर्ज किया जाता रहा। अस्पतालों में भी सांस से संबंधित मरीजों की संख्या में तीन गुणा तक इजाफा हो गया था। मंगलवार बाद दोपहर अचानक वायु प्रदूषण इतना बढ़ गया कि सांस लेना तो मुश्किल हो ही रहा था, साथ में आंखों में जलन और पानी आने की शिकायत भी लोगों को होने लगी। दिन भर मौसम रंग बदलता रहा। यहां सुबह कुछ समय के लिए धूप खिली, वहीं 3.47 बजे हर तरफ स्मॉग फैल गई। वायु प्रदूषण सूचकांक 1109 पहुंच गया।
लोग सरकार से ऐसी स्थिति से निपटने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग कर रहे थे। लेकिन न केन्द्र सरकार और न पंजाब सरकार की तरफ से कोई कदम उठाया गया। आखिर रात करीब 9 बजे प्रभु ने ही लोगों की पुकार सुनी। जैसे-जैसे बारिश होती गई वैसे-वैसे प्रलयकारी वायु प्रदूषण कम होता गया। जो वायु प्रदूषण सूचकांक 3.47 बजे 1109 था वह रात 10.28 बजे 119 पर आ गया। करीब 7 घंटे में मौसम की करवट के बाद वायु प्रदूषण सूचकांक 119 पर आ गया जोकि सामान्य से
थोड़ा अधिक था।
आदमपुर रहा प्रदेश में सबसे ठंडा
जालंधर मौसम विभाग के अनुसार आज आदमपुर 8.7 डिग्री सैल्सियस तापमान के चलते प्रदेश में सबसे ठंडा रहा जबकि अधिकतम तापमान कल के तापमान से 1 डिग्री कम 24 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह के समय मौसम की आद्र्रता 90 प्रतिशत रही जो कि शाम के समय 85 प्रतिशत तक पहुंच गई।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी 2 दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। 15 नवम्बर को जहां न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ौतरी के आसार हैं वहीं अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सैल्सियस की कमी रहने की संभावना है। आगामी दिनों में न्यूनतम तथा अधिकतम तापमान में कमी आने के आसार हैं। आगामी सप्ताह के दौरान अधिकांश समय तक आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सामान्यत: हवा का प्रवाह 7 से 9 कि.मी. प्रति घंटे के आसपास रहा।